Advertisement
30 September 2024

भाजपा में कोई अंदरूनी कलह नहीं, तीसरी बार सरकार बनाने का भरोसा: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में कोई अंदरूनी कलह नहीं है और उनकी पार्टी राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएगी क्योंकि मतदाता कांग्रेस की ‘‘झूठ की दुकान’’ को स्थापित नहीं होने देंगे।

सैनी ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ‘हरियाणा संकल्प यात्रा’ के दूसरे चरण से पहले कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए उनकी यात्रा को ‘‘राजनीतिक पर्यटक’’ करार दिया।

सैनी ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘हरियाणा में अब तक कांग्रेस का कोई भी वरिष्ठ नेता प्रचार नहीं कर रहा था और अब गांधी राजनीतिक पर्यटन पर निकल पड़े हैं। पिछले 10 साल में हमने राज्य में जो विकास किया है, उसे देखने के लिए उनका स्वागत है। हालांकि, उन्हें भूपेंद्र हुड्डा के कार्यकाल में व्याप्त ‘खर्ची’ और ‘पर्ची’ को लेकर मतदाताओं के सवालों का सामना करना पड़ेगा।’’

Advertisement

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोमवार को अंबाला जिले के नारायणगढ़ में एक जनसभा को संबोधित कर हरियाणा चुनाव प्रचार के दूसरे चरण की शुरुआत करेंगे।

भाजपा के दो वरिष्ठ नेताओं राव इंद्रजीत सिंह और अनिल विज के शीर्ष पद के लिए दावा पेश करने के बीच पार्टी में अंदरूनी कलह की खबरों को लेकर सैनी ने कहा कि पार्टी एकजुट है।

सैनी को भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के पार्टी उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतारा है। उन्होंने यहां कहा, ‘‘कोई अंदरूनी कलह नहीं है, कोई गुटबाजी नहीं है, हम सब एकजुट हैं। वे (सिंह और विज) हमारे वरिष्ठ नेता हैं और हमारे चुनाव अभियान में सबसे आगे हैं। भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, कोई भी अपनी दावेदारी पेश कर सकता है। संसदीय बोर्ड फैसला करेगा और जो भी फैसला होगा वह हम सभी को स्वीकार्य होगा... कोई लड़ाई नहीं है, कोई लड़ाई नहीं होगी।’’

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Internal strife, BJP, confident of forming government, third time, Haryana CM Nayab Singh Saini
OUTLOOK 30 September, 2024
Advertisement