Advertisement
05 March 2020

कमलनाथ सरकार को गिराना चाहती है भाजपा, देश में लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश: कांग्रेस

Twitter

मध्य प्रदेश की राजनीतिक में हलचल के बीच अब कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। गुरुवार को संसद परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि भाजपा देश के अलग-अलग हिस्सों में लोकतंत्र को खत्म करने का काम कर रही है। पिछले कुछ दिनों में मध्य प्रदेश-राजस्थान में इसका उदाहरण देखने को मिला है।

मध्यप्रदेश के राजनीतिक हालात पर गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी के साथ प्रेस कांफ्रेंस की। जिसमें उन्होंने भाजपा पर राज्य की सरकार को गिराने का आरोप लगाया। भाजपा पर आरोप लगाया गया है कि वह कमलनाथ सरकार को गिराने के लिए कांग्रेस विधायकों को 100-100 करोड़ रुपये और मंत्री पद देने की पेशकश की थी।

ऐसा तीसरी या चौथी बार हुआ, जब भाजपा मध्य प्रदेश सरकार को गिराने की कोशिश कर रही है

Advertisement

गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'मध्यप्रदेश सरकार गिराने की यह पहली कोशिश नहीं थी। ऐसा तीसरी या चौथी बार हुआ है। भाजपा राज्यसभा सांसदों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। वह किसी और की सरकार नहीं बनने देना चाहती। हम इस मुद्दे को संसद में जरूर उठाएंगे।'

राज्यसभा में कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि राज्यसभा के चुनाव नजदीक आ रहे हैं, इस वजह से बीजेपी इस तरह के काम कर रही है। जब से बीजेपी सत्ता में आई है, वह इसी तरह की हरकतें कर रही है। कांग्रेस नेता ने निशाना साधते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को हटाया गया, राज्यपाल की शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया गया, फिर उसके बाद मणिपुर और गोवा में भी ऐसा ही किया गया।

किसी दूसरी पार्टी को राज्यों में सरकार नहीं बनाने देती है भाजपा

बीजेपी पर आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि बीजेपी की नीति है कि वो किसी दूसरी पार्टी को राज्यों में सरकार नहीं बनाने देती है। मध्य प्रदेश और राजस्थान में जब से कांग्रेस की सरकार बनी है, तभी से ही बीजेपी इसे अस्थिर करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में विपक्षी सांसदों को डराया जाता है और सेंट्रल एजेंसी का दुरुपयोग किया जाता है।

संसद में उठाया जाएगा मध्य प्रदेश का मामला

गुलाम नबी आजाद ने कहा कि मध्य प्रदेश में बीते दिनों में जो हुआ है, उस मसले को वह संसद में उठाएंगे। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में टैक्स नोटिस देकर माहौल बनाया गया और अब मध्य प्रदेश में विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही है।

सुरजेवाला ने भी लगाया आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि बीजेपी की ओर से उनके 14 विधायकों को संपर्क किया गया था, जिसमें माफियाओं का भी एक रोल था। कांग्रेस ने सवाल किया कि शिवराज सिंह चौहान को जवाब देना चाहिए कि इन विधायकों को चार्टड प्लेन में गुरुग्राम कौन लाया था।

 

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि आयाराम, गयाराम ही अब मध्य प्रदेश में भाजपा का एकमात्र रास्ता है। मध्य प्रदेश कांग्रेस की सरकार पूर्ण बहुमत में है, लेकिन करोड़ों रूपये की बोली लगा विधायकों का ईमान खरीदने का षडयंत्र किया जा रहा है। 

 

उन्होंने कहा कि भाजपाई जान लें कि वे अपने कुत्सित मंसूबों में कभी कामयाब नहीं होने वाले हैं।  सुरजेवाला ने दावा किया कि भाजपा प्रजातंत्र का चीरहरण कर सत्ता की भूख मिटाना चाहती है। मध्य प्रदेश में माफिया हारेगा- भाजपा हारेगी- जनादेश जीतेगा। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा खरीद-फरोख्त करने की बजाए, सदन के पटल पर बहुमत से क्यों भाग रही है?

कांग्रेस से जुड़े कई नेता अब भी भाजपा के संपर्क में: विजयवर्गीय

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार को कहा था कि मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रहे विधायकों की खरीद-फरोख्त की कथित कोशिशों के मामले में सूबे के प्रमुख विपक्षी दल की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस से जुड़े कई नेता अब भी भाजपा के संपर्क में हैं। विजयवर्गीय ने कहा कि खासकर कांग्रेस के युवा विधायक यह सोचकर चिंतित हैं कि दिल्ली और भोपाल, दोनों जगह उनकी पार्टी का नेतृत्व ठीक नहीं है और ऐसे में उनके भविष्य का क्या होगा?

मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने भाजपा पर लगाया था विधायकों को खरीदने का आरोप

बता दें कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर विधायकों के खरीदने का आरोप लगाया था। कांग्रेस का आरोप था कि बीजेपी ने विपक्षी पार्टी के 10 विधायकों को छुपा लिया है, हालांकि गुरुग्राम से 6 विधायकों को कांग्रेस निकाल कर ले गई थी। बाकी के बचे चार विधायकों के बेंगलुरु में होने का दावा किया जा रहा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: The BJP, systematically, destroying, democracy, every state, since it, came to power, Congress
OUTLOOK 05 March, 2020
Advertisement