Advertisement
09 February 2017

यूपी में 12 सीटों में एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोक रहे सहयोगी सपा-कांग्रेस

google

दोनों ही पार्टियों के नेता कह रहे हैं कि एक ही सीट पर सपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के चुनाव लड़ने का मसला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक पहले चरण के चुनाव में महज दो दिन बाकी रह गये हैं, ऐसे में दोनों पार्टियों को जो नुकसान होना था, वह लगभग हो चुका है।

सपा प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने इस बारे में पूछे जाने पर भाषा को बताया कि यह सही है कि कुछ सीटों पर सपा और उसकी साझीदार कांग्रेस के उम्मीदवार एक दूसरे को ही चुनौती दे रहें हैं लेकिन इस मामले को जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

दूसरी ओर, कांग्रेस के राष्‍ट्रीय महासचिव गुलाम नबी आजाद का इस बारे में कहना है कि शुरू में गठबंधन को लेकर उहापोह की स्थिति थी। सपा उम्मीदवारों ने कुछ सीटों पर यह सोच कर नामांकन दाखिल कर दिया था कि उनके और कांग्रेस के बीच गठबंधन नहीं होगा। इसके अलावा कई जगहों पर उनके उम्मीदवार अपना नामांकन वापस लेना चाहते थे लेकिन अनिश्चितता के कारण ऐसा नहीं कर सके।

Advertisement

उन्होंने कहा कि जिन सीटों पर दोनों पार्टियों के उम्मीदवार खड़े वहां दोनों पार्टियां उनके पक्ष में प्रचार करेंगी। बहरहाल, दोनों पार्टियों के नेताओं के दावे कुछ भी हों, लेकिन कई महत्वपूर्ण सीटों पर स्थिति बेहद गम्भीर है। खासकर नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ अमेठी और रायबरेली में। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय निर्वाचन क्षेत्रा रायबरेली और पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी के चुनाव क्षेत्र अमेठी में विधानसभा की कुल 10 सीटें हैं।

रायबरेली की सरेनी सीट पर कांग्रेस के अशोक सिंह और सपा के देवेन्द्र प्रताप सिंह सपा के टिकट पर एक-दूसरे को चुनौती दे रहे हैं। इसी तरह, उंचाहार सीट पर कांग्रेस के अजय पाल सिंह सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय के खिलाफ ताल ठोक रहे हैं। अमेठी में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के करीबी नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति सपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं उनके खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी अमिता सिंह  हैं।

गौरीगंज सीट पर भी भ्रम की स्थिति है। यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद नईम सपा के राकेश प्रताप सिंह को चुनौती दे रहे हैं। वर्ष 2012 में इसी सीट से हारे नईम नामांकन वापस ना लेने के फैसले पर अडिग हैं।

राजधानी की लखनउ :मध्य: सीट पर भी ऐसे ही हालात हैं। यहां कांग्रेस प्रत्याशी मारूफ खान और मौजूदा विधायक सपा उम्मीदवार रविदास मेहरोत्रा आमने-सामने हैं। इनमें से कोई भी उम्मीदवार अपना नामांकन वापस नहीं लेना चाहता है।

बाराबंकी जिले की जैदपुर सीट पर कांग्रेस ने अपने राज्यसभा सदस्य पी. एल. पुनिया के बेटे तनुज को टिकट दिया है। वहीं इसी सीट पर सपा के राम गोपाल रावत ने भी नामांकन किया है। हालांकि कानपुर में पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल के भाई प्रमोद जायसवाल ने आर्यनगर सीट पर सपा प्रत्याशी अमिताभ बाजपेयी के समर्थन का फैसला तो किया है, लेकिन वह तकनीकी कारणों से अपना नामांकन वापस नहीं ले सके। मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सीट पर चुनाव आयोग ने कांग्रेस और सपा दोनों ही प्रत्याशियों को चुनाव चिन आवंटित किये हैं लेकिन गठबंधन के तहत यह सीट कांग्रेस को दी गयी है। इसके अलावा मथुरा की बलदेव, गंगोह :सहारनपुर:, कोल :अलीगढ़:, चांदपुर :बिजनौर: महराजपुर :कानपुर: कानपुर छावनी तथा भोगनीपुर :कानपुर देहात: सीटों पर भी कांग्रेस और सपा के प्रत्याशी आमने-सामने हैं। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: सपा, कांग्रेस, यूपी, चुनाव, गठबंधन, sp, congress, up, election, contesting
OUTLOOK 09 February, 2017
Advertisement