Advertisement
09 December 2022

सोनिया गांधी का 76वां जन्मदिन आज, पीएम मोदी-खड़गे समेत इन नेताओं ने दी बधाई

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी का आज 76वां जन्मदिन है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। पीएम मोदी ने ट्वीट कर सोनिया गांधी के लंबे जीवन और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी को जन्मदिन पर बधाई दी और उनके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु होने की कामना की।

फिलहाल सोनिया गांधी राजस्थान में हैं। राजस्थान के सवाई माधोपुर के रणथंभौर में उनके जन्मदिन के अवसर पर पार्टी कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं।

सोनिया गांधी के जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री नीतिन गडकरी ने भी उन्हें बधाई दी। नीतिन गडकरी ने ट्वीटर पर सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।

Advertisement

खड़गे ने ट्वीट किया, “कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनायें। उनकी विनम्रता, समर्पण और विपरीत हालात में उनकी अदम्य भावना और गरिमा ने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया है। मैं उनके दीर्घायु होने और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।’’

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें अपना प्रेरणास्रोत बताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, "कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्षा, हम सबकी नेता सोनिया गांधी जी को जन्मदिवस पर बधाई एवं शुभकामनाएं। आपने राजनीति में समर्पण, सेवा व सुचिता के अभूतपूर्व मानक स्थापित किए हैं। आप हम सब की प्रेरणा हैं। आपके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की हम सब कामना करते हैं। जीवेत् शरदः शतम्।"

कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई दी। सोनिया गांधी आज 76 साल की हो गई। वह दो दशक से अधिक समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं। 2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार के समय वह इस गठबंधन की अध्यक्ष थीं और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की भी प्रमुख रहीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Sonia Gandhi, 76th birthday today, PM Narendra Modi, Mallikarjun Kharge, congratulated
OUTLOOK 09 December, 2022
Advertisement