Advertisement
15 March 2022

कांग्रेस की करारी हार के बाद एक्शन में सोनिया गांधी, पांचों राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से मांगा इस्तीफा

FILE PHOTO

पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में हार के बीच कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बड़ा एक्शन लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष  सोनिया गांधी ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के पीसीसी अध्यक्षों से कहा है कि वे पीसीसी के पुनर्गठन के लिए अपना इस्तीफा दे दें। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव  रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट जारी करते हुए यह जानकारी दी है।

करारी हार के बाद कांग्रेस पार्टी के अंदर मंथन का दौर जारी है। इस बीच आलाकमान चुनाव वाले सभी राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों से इस्तीफा देने के लिए कहा है। यूपी में अजय कुमार लल्लू और पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू प्रदेश पीसीसी के प्रमुख हैं। उत्तराखंड में गणेश गोदियाल के पास प्रदेश कांग्रेस की कमान है तो गोवा में गिरीश चोडनकर पीसीसी अध्यक्ष थे, जिन्होंने गोवा में कांग्रेस की हार के बाद अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मणिपुर नमेईरकपैम लोकेन सिंह प्रदेश अध्यक्ष पद पर हैं।

कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में सोनिया गांधी ने कहा था कि ‘हम पार्टी के हित में किसी भी त्याग के लिए तैयार हैं। सीडब्ल्यूसी में शामिल नेताओं ने उनके नेतृत्व में भरोसा जताते हुए उनसे आग्रह किया कि संगठनात्मक चुनाव संपन्न होने तक वह पद पर बनी रहें। सीडब्ल्यूसी में शामिल नेताओं ने सोनिया गांधी से यह भी कहा था कि वह कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए जरूरी बदलाव करें और सुधारात्मक कदम उठाएं।

Advertisement

सीडब्ल्यूसी की बैठक में यह फैसला भी किया गया था कि संसद का बजट सत्र संपन्न होने के तत्काल बाद एक ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन किया जाएगा जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने प्रदेश में ‘चिंतन शिविर’ का आयोजन करने का प्रस्ताव दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 15 March, 2022
Advertisement