Advertisement
08 June 2018

शत्रुघ्न सिन्हा की पीएम मोदी को नसीहत, अपनी कार्यशैली में करें बदलाव

file photo

भाजपा से नाराज चल रहे सिने अभिनेता और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपनी कार्यशैली में बदलाव करने के नसीहत दी है। सिन्हा अपनी बेबाक टिप्पणियों से हरदम मोदी सरकार को कटघरे में खड़ा करते रहे हैं।

पटना साहिब के सांसद ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि प्रधान सेवक से मेरा विनम्र अनुरोध है कि पार्टी की अंतरध्वनि को सुने। उन्होंने आरोप लगाया कि संभवतः आपसे न कोई बोलता है, न आप किसी की सुनते हैं।

सिन्हा ने आगाह किया कि अभी भी ज़्यादा क्षति नहीं हुई है लेकिन आप कार्यशैली में बदलाव करें। उन्होंने मोदी को सलाह दी कि वे पार्टी में सभी को एक नज़र से देखें, जिससे पार्टी में नई ऊर्जा का संचालन हो।

Advertisement

पुराने लोगों से संवाद शुरू करें

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा की पीएम सर, आपके कुछ राजनीतिक और सुरक्षा सलाहकार आपको गलत रास्ते पर ले जा रहे हैं और आपको राजनीतिक परिदृश्य में जो बदलाव हो रहे हैं उससे अलग कर रहे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि आप संवाद की दुहाई देते हैं, उसे पुराने लोगों के शुरू किए जाने की जरूरत है।

इससे पूर्व उन्होंने कहा था कि समय आ गया है जब आडवाणीजी, जोशीजी, यशवंतजी, अरुण शौरी जैसे वरिष्ठों और ज्ञानियों से आशीर्वाद लिया जाए। इसके साथ ही कीर्ति आजाद जैसे सहयोगियों को गले लगाया जाए। सिन्हा ने याद दिलाया कि सुबह का भूला अगर शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते। इतिहास की चर्चा करते हुए उन्होंन कहा कि सर, यहां कई उदाहरण हैं कि कोई अजेय नहीं है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shatrughan Sinha, prime minister, narendra modi, advice, change, style
OUTLOOK 08 June, 2018
Advertisement