Advertisement
26 January 2022

शशि थरूर ने ली आरपीएन सिंह पर चुटकी, लिखा- छोड़कर जा रहे हैं घर अपना, शायद उनके कुछ और सपने हैं

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरपीएन सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। आरपीएन सिंह के बीजेपी में शामिल होने के बाद कांग्रेस खेमा बौखलाया हुआ है और फिर से अंदरखाने देश की सबसे पुरानी पार्टी के वर्किंग कल्चर पर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच, कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह पर तंज कसा है।

उन्होंने रोचक अंदाज में तंज कसते हुए ट्विटर पर लिखा है कि अब उधर भी सब अपने हैं। यही नहीं उन्होंने इसे 'कांग्रेस युक्त भाजपा' बताते हुए पोएटिक अंदाज में लिखा, 'छोड़कर जा रहे हैं घर अपना, शायद उनके कुछ और सपने हैं। अब उधर भी सब अपना सा है, अब उधर भी तो सभी अपने हैं।

यही नहीं, थरूर ने एक ट्विटर यूजर के एक पोस्ट को रीट्वीट भी किया है, जिसमें लिखा है कि सोचता हूँ कि अचानक अपनी विचारधारा से उलटने के बाद, विपरीत सोच रखने वालों के साथ जुड़ जाना, बैठकी करना, मुस्कुराना कैसा होता होगा। इसे राजनीति कहकर अच्छा बतलाना और सोच में डाल देता है।

Advertisement

आपको बता दें कि कांग्रेस से नाराज चल रहे आरपीएन सिंह ने कल पार्टी छोड़ी और बीजेपी में शामिल हो गए। भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने दिल्ली के पार्टी मुख्यालय में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।

गौरतलब हो कि कल उन्होंने अपना त्यागपत्र उन्होंने सोनिया गांधी को सौंपा। उन्होंने सोनिया गांधी पत्र लिखकर कहा कि मैं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा देता हूं। आपको बता दें कि अभी हाल ही में कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारकों की एक सूची जारी की थी, जिसमें आरपीएन सिंह का भी नाम था।

अपने त्यागपत्र को गणतंत्र के उत्सव से जोड़ते हुए कल उन्होंने ट्विटर पर लिखा था, "आज जब पूरा देश गणतंत्र का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनीतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूँ।" गौरतलब हो कि आरपीएन सिंह 1996 से लेकर 2009 तक पडरौना विधानसभा सीट से विधायक रहे थे। वो 2009 में, कुशीनगर सीट से लोकसभा का चुनाव जीते और कांग्रेस सांसद के रूप में लोकसभा पहुचे थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Shashi Tharoor, RPN Singh, Congress, Election Updates, Amit Shah, Yogi Adityanath
OUTLOOK 26 January, 2022
Advertisement