Advertisement
19 September 2016

सेल्फी और वादे की मशीन बन चुके मोदी नफरत फैलाने में दक्ष: राहुल

twitter

राहुल ने उरई में आयोजित नुक्कड़ सभा में कहा, मोदी जी सेल्फी लेने की और वायदे करने की मशीन हैं। एक सेल्फी-एक वायदा, एक सेल्फी-एक वायदा, बस यही काम है उनका। उन्होंने कहा मोदी जी का कोर कॉम्पीटेंस (विशिष्ट दक्षता) एक हिंदुस्तानी और दूसरे हिंदुस्तानी के बीच नफरत पैदा करने में है। यह देश शांति से चल रहा था। हिन्दू, मुसलमान, सिख, ईसाई एक साथ चल रहे थे, प्यार से रह रहे थे। मोदी जी आते हैं और हिन्दू को मुसलमान से लड़ाते हैं। हरियाणा में जाएंगे, वहां सरकार लानी है तो जाट और गैर-जाट के बीच लड़ाई करा देंगे। किसान यात्रा पर निकले कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल तक हरियाणा में राज किया, मगर वहां एक भी दंगा नहीं हुआ। मोदी आते हैं और आग लग जाती है। फिर मोदी कहते हैं कि वह विकास लाएंगे। हां, विकास लाएंगे, अच्छे दिन आएंगे, मगर नरेंद्र मोदी और उनके 10-12 उद्योगपति दोस्तों के।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, दंगे होंगे, देश का गरीब मरेगा। लड़ाई होगी, दंगा होगा, दुख होगा और यह देश जिसको आगे बढ़ना चाहिए वह पीछे होता जाएगा। मैं आपको बताता हूं कि कांग्रेस पार्टी और उसका हर नेता यह काम नहीं होने देगा। इस देश में भाईचारे की लड़ाई हमारी है। यह देश सबका है। हर धर्म, हर जाति, हर व्यक्ति का है। पंक्ति में सबसे पीछे खड़े व्यक्ति का भी है। राहुल ने वित्त मंत्री अरूण जेटली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि काली कमाई को अगर सफेद करना हो तो जेटली से मिलो। वह काले धन को फेयर एंड लवली लगाकर सफेद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने अलग-अलग वादे किए। हर नागरिक के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपये डालने, किसानों को सही दाम दिलाने और हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, मगर किया कुछ नहीं। लोगों को संबोधित करने से पहले राहुल ने अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और संकटा देवी मंदिर गए और बेरी बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: उत्तर प्रदेश, विधानसभा चुनाव, कांग्रेस उपाध्यक्ष, राहुल गांधी, किसान यात्रा, प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, सेल्फी, वादे की मशीन, नफरत, अरूण जेटली, फेयर एंड लवली योजना, UP, Assembly Election, Congress Vice President, Rahul Gandhi, Kisan Yatra, PM, Narendra Modi, Selfie, Pr
OUTLOOK 19 September, 2016
Advertisement