Advertisement
23 April 2018

“संविधान नहीं, वशंवाद बचाने के अभियान पर राहुल”

संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत करते हुए सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार हमले किए। इसके जवाब में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि इस अभियान का मकसद संविधान बचाना नहीं, बल्कि वंशवाद को बचाना है। साथ ही यह भ्‍ाी कहा कि मोदी को लेकर कांग्रेस की नफरत देश विरोध में बदल चुकी है।

शाह ने कहा कि यदि किसी पार्टी ने संविधान की भावना को नष्ट करने का काम किया है तो वह कांग्रेस है। कांग्रेस लोकतंत्र का शासन नहीं चाहती। वंशवाद चाहती है। शाह ने कहा कि संविधान ने जो संस्थान दिए हैं, उन्हें आज कांग्रेस के हमले से बचाने की जरूरत है। वह केवल राजनीतिक फायदे के लिए चुनव आयोग, सुप्रीम कोर्ट और सेना पर हमले कर रही है।


Advertisement

 

उन्होंने राहुल गांधी पर आंबेडकर के अपमान का भी आरोप लगाया। शाह ने ट्वीट कर कहा, “बार-बार यह कहकर कि कांग्रेस ने संविधान का निर्माण किया है, राहुल गांधी अपने परिवार की आंबेडकर के अपमान की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। नेहरू-गांधी परिवार ने जब वह जीवित थे तब भी उनका अपमान किया और आज भी वे उनका अपमान कर रहे हैं। शर्मनाक और दुखद।” 

शाह के बयान के बाद भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर हमले तेज कर दिए हैं। पार्टी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा है कि संविधान बचाओ के बहाने राहुल गांधी अपनी बौखलाहट सामने ला रहे हैं। यह देश एक परिवार का नहीं है। यह जनता का है। आंबेडकर ने देश को संविधान दिया। इसका श्रेय कांग्रेस को देने के लिए राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। वहीं, केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कहा है कि कांग्रेस सभी संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रही है। संविधान को धता बताकर आपातकाल लागू करने वाली पार्टी संविधान को बचाने की बात कर रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: अमित शाह, राहुल गांधी, संविधान बचाओ, वंशवाद, भाजपा, कांग्रेस, BJP, Congress, Amit shah, Rahul Gandhi, Save the Constitution, dynasty
OUTLOOK 23 April, 2018
Advertisement