Advertisement
05 March 2018

यूपी उपचुनावों में बसपा के बाद रालोद भी करेगा सपा का समर्थन

अखिलेश यादव (बाएं), अजित सिंह (बीच में), मायावती (दाएं)

राष्ट्रीय लोकदल ने उत्तर प्रदेश के फूलपुर और गोरखपुर में होने वाले लोकसभा के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को समर्थन देने का फैसला लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए यह कदम उठाया है। इसके साथ ही आगामी राज्यसभा और विधान परिषद के चुनाव में भी पार्टी ने एसपी और बसपा का साथ देने की बात कही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अजित सिंह ने कहा कि केंद्र और राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने किसानों के साथ वादाखिलाफी की है। उन्होंने शोषण के खिलाफ और सांप्रदायिकता के फैलाव को रोकने के लिए एसपी को समर्थन देने की बात कही है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने 'आउटलुक' से बातचीत में कहा कि भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार द्वारा किसानों से वादा खिलाफी और शोषण के खिलाफ विपक्ष उपचुनावों में एकजुट होगा और भविष्य में विपक्षी एकजुटता की संभवानाओं से इंकार नहीं किया जा सकता। देश में फैल रही सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए विपक्ष का एकजुट होना जरूरी है।

Advertisement

राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल दुबे ने बताया कि उत्तर प्रदेश में यह समर्थन किसान और नौजवान विरोधी ताकतों का सफाया करने का काम करेगा। प्रदेश में किसानों, मजदूरों और कमजोर तबके के लोगों की आवाज बुलंद होगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अब तक दो ध्रुवों पर खड़ी रही एसपी और बसपा ने 11 मार्च को गोरखपुर और फूलपुर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में हाथ मिला लिया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: RLD, SP, BSP, UP, by-election, रालोद, बसपा, सपा
OUTLOOK 05 March, 2018
Advertisement