Advertisement
08 August 2017

राज्यसभा चुनाव: वोटों की गिनती में विलंब, कांग्रेस की शिकायत पर चुनाव आयोग में बैठक

GOOGLE

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला और आरपीएन सिंह ने चुनाव आयोग से मांग की कि 2 विधायकों के वोट रद्द कर दिए जाएं क्योंकि उन्होंने अपना वोट दिखा कर दिया था। वहीं सारी रिपोर्ट्स चुनाव आयोग को भेजी गई है। इस मामले को लेकर केंद्रीय चुनाव आयोग में उच्च अधिकारियों की बैठक हो रही है। इस बैठक के फैसले के बाद ही वोटों की गिनती शुरू हो पाएगी।

 Congress complaint to EC demanding quashing of votes of 2 Cong MLAs who voted BJP and allegedly showed votes publicly pic.twitter.com/xf7glnABQ8

— ANI (@ANI) August 8, 2017

Advertisement

काग्रेस के बाद अब बीजेपी का प्रतिनिधि मंडल भी चुनाव आयोग पहुंचा है। इस प्रतिनिधि मंडल में पीयूष गोयल, मुख्तार अब्बास नकवी और धर्मेंद्र प्रधान शामिल हैं।

राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत गरम है। राज्यसभा में गुजरात की 3, पश्चिम बंगाल की 6 और मध्यप्रदेश की 1 सीटों के लिए वोटिंग हो चुकी है। अब अधिकतर लोगों की नजर गुजरात की सीटों पर है, क्योंकि कांग्रेस के कद्दावर नेता अहमद पटेल बनते बिगड़ते सियासी समीकरणों के बीच मैदान पर हैं। बता दें कि सभी नौ सीटों पर सांसदों का कार्यकाल 18 अगस्त को पूरा हो रहा है। 

शाम 7 बजे तक नतीजे

राज्यसभा के लिए वोटिंग सुबह 9 बजे से शुरू हुई जो निर्धारित शाम 4 बजे से पहले संपंन्न हो चुकी है। शाम 5 बजे मतगणना होगी और शाम 7 बजे तक परिणाम आ जाएंगे।

अहमद पटेल पर संशय

कांग्रेस के कद्दावर नेता और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनीतिक सचिव अहमद पटेल की आज अग्निपरीक्षा मानी जा रही है। दरअसल, गुजरात में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। इन तीन सीटों में से दो सीटों पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी दावेदार हैं, साथ ही इनकी जीत भी पक्की मानी जा रही है। वहीं तीसरी सीट के लिए अहमद पटेल मैदान पर हैं लेकिन भाजपा ने उनके विरूद्ध उम्मीदवार खड़ा करके सियासी उथल-पुथल मचा दी है। साथ ही कांग्रेस पार्टी अपने विधायकों में टूट की वजह से भी परेशान है, जिसके चलते कांग्रेस को फूंक-फूंक कर कदम रखने पड़ रहे हैं। कांग्रेस के कई विधायकों के हाल में हुए इस्तीफों के बीच सहयोगी एनसीपी ने भी कांग्रेस को झटका देते हुए भाजपा उम्मीदवार के समर्थन की घोषणा कर दी। हालांकि, बाद में एनसीपी के एक विधायक ने यूपीए को समर्थन करने का दावा किया। इसी तरह जदयू के एक विधायक के भी कांग्रेस के पक्ष में वोट देने का दावा किया जा रहा है। वहीं कहा जा रहा है कि कांग्रेस के 44 विधायकों में से एक करम सिंह मकवाड़ा ने क्रॉस वोटिंग की है। बता दें कि वे उन 44 विधायकों में शामिल हैं जिन्हें कांग्रेस ने टूट से रोकने के लिए बंगलुरु के रिसोर्ट में रखा था। इस तरह परिणाम नहीं आने तक अहमद पटेल के लिए संशय बरकरार है।

ये है गुजरात का गणित

गुजरात में राज्यसभा की 3 सीटों के लिए हो रहे चुनाव में भाजपा ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और बलवंत सिंह को उम्मीदवार बनाया है। जबकि  कांग्रेस की ओर से अहमद पटेल उम्मीदवार हैं। संख्याबल के आधार पर जीत हार का अनुमान लगाएं तो भाजपा मजबूत स्थिति में है। वजीं कांग्रेस के अहमद पटेल को लेकर संशय बरकरार है। गुजरात विधानसभा में कुल 182 सदस्य हैं। जिनमें से  6 कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद अब विधानसभा में कुल 176 विधायक बाकी हैं। इनमें भाजपा के 121 और कांग्रेस के 51 विधायक हैं। जीत के लिए सभी उम्मीदवार को 45 विधायकों का समर्थन जरूरी है। इस तरह विधायकों की संख्या के आधार  अमित शाह और स्मृति ईरानी की जीत पक्की मानी जा रही है।

 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rajya Sabha, elections, Shah, Smriti, victory, surely, Ahmed Patel, suspicion
OUTLOOK 08 August, 2017
Advertisement