Advertisement
12 April 2016

राहुल पहुंचे देवनार मैदान, स्वच्छ भारत पर मोदी को लिया आड़े हाथ

twitter/offc of RG

राहुल ने मंगलवार को अन्य कांग्रेसी नेताओं के साथ मुंबई के कचरा डालने के स्थल देवनार मैदान का मुआयना किया। वहां से लौटने पर उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। इस मैदान में हाल में लगी आग के कारण शहर के विभिन्न हिस्सों में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हो गई थीं। राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री स्वच्छ भारत के बारे में बात करते हैं। उनकी सरकार यहां सत्ता में है। भाजपा-शिवसेना सरकार यहां है और यहां उनके बीच सहयोग है। लिहाजा प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री को कुछ करना चाहिए। उन्हें कुछ कार्रवाई करनी चाहिए।

 

राहुल ने कहा कि कचरा डालने के मैदान को बंद कर देना चाहिए और इस मसले का समाधान निकालने के लिए कोई रणनीति निकालनी चाहिए। केवल स्वच्छ भारत के बारे में बात करना और स्वच्छ भारत बनाना दो अलग बातें हैं। यह बहुत दुखद मामला है। राहुल ने आरोप लगाया, मैं महसूस कर रहा हूं कि यहां कोई रणनीति नहीं है। इस बात को लेकर कोई दृष्टिकोण नहीं है कि इसे कैसे स्वच्छ किया जाए हालांकि उन्होंने निश्चित तौर पर स्वच्छ भारत का नारा दिया है। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इस दौरान देवनार मैदान के आसपास रहने वाले लोगों से मुलाकात भी की। राहुल ने कहा, मैं यहां नागरिकों से मिला। एक आदमी रो रहा था। यह मैदान लोगों को नुकसान पहुंचा रहा है। यहां प्रदूषण है। बच्चों को तपेदिक हो रहा है। एक बच्चे की मौत हो चुकी है। इस मैदान से प्रदूषण निकल रहा है जो उनके लिए परेशानी का सबब बन गया है।

Advertisement

 

देवनार में हाल में आग की कई घटनाओं के कारण धुआं और धुंध तथा विषाक्त गैस के कारण क्षेत्र में स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं उत्पन्न हो गई थीं। राहुल ने कहा, महज स्वच्छ भारत के नारे लगाने से कोई बदलाव नहीं आएगा। आपके पास कार्य योजना होनी चाहिए। आपको इसके लिए कोई रणनीति बनानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि स्वच्छ भारत का नारा गढ़ना एवं देश को स्वच्छ रखना, दो बिल्कुल अलग-अलग बातें हैं। राहुल के साथ महाराष्ट्र के एआईसीसी प्रभारी मोहन प्रकाश एवं मुंबई क्षेत्रीय कांगे्रस समिति के प्रमुख संजय निरूपम भी थे। उन्होंने कहा कि वह इसलिए वहां गए क्योंकि पार्टी नेता चाहते थे कि वह स्वयं जाकर स्थिति को देखें।

 

कचरा डालने वाले मैदान के बंद करने की मांग करते हुए राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को फौरन कुछ करना चाहिए, यह मुंबई शहर, प्रगति का प्रतीक है। कांग्रेस उपाध्यक्ष आज देवनार मैदान को देखने के लिए बिना मास्क पहने गए। चेंबूर सिटीजन फोरम की ओर से इसके संयुक्त सचिव एस बालाकृष्णन ने राहुल गांधी से मुलाकात की और इस कचरा डालने के मैदान को बंद करने की मांग की। इससे इस क्षेत्र में 1.2 करोड़ टन कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। बालाकृष्णन ने बताया कि यह मैदान काफी पहले ही अपनी क्षमता को पार कर गया है और आग, धुआं तथा धुंध से लाखों नागरिकों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि राहुल ने इसको फौरन बंद किए जाने की मांग का समर्थन किया।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कांग्रेस उपाध्यक्ष, राहुल गांधी, स्वच्छ भारत अभियान, प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी, निशाना, स्वच्छता अभियान, रणनीति, दृष्टिकोण, देवनार मैदान, मुआयना, मोदी सरकार, महाराष्ट्र सरकार, शिवसेना
OUTLOOK 12 April, 2016
Advertisement