Advertisement
08 June 2020

राहुल गांधी का शाह पर शायराना तंज, कहा- सब को मालूम है 'सीमा' की हकीकत, लेकिन...

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शायराना अंदाज में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। भारत की रक्षा नीति को लेकर दिए गए शाह के बयान पर राहुल ने तंज कसा है। यह पहली बार नहीं है जब राहुल ने सरकार को निशाने पर लिया है। इससे पहले भी वो चीन के साथ सीमा विवाद के मसले को लेकर सरकार से सवाल पूछते रहे हैं।

राहुल गांधी ने सोमवार को अमित शाह के एक बयान को कोट करते हुए ट्वीट किया, ‘सब को मालूम है ‘सीमा’ की हकीकत लेकिन, दिल को खुश रखने को, ‘शाह-यद’ ये ख्याल अच्छा है।’

जानें क्या कहा था अमित शाह ने

Advertisement

दरअसल, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार में एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि भारत की सीमा पूरी तरह से सुरक्षित है। रैली के दौरान शाह ने कहा था कि भारत की रक्षा नीति को वैश्विक स्वीकृति मिली है। पूरी दुनिया इस बात से सहमत है कि अमेरिका और इस्राइल के बाद अगर कोई अन्य देश अपनी सीमाओं की रक्षा करने में सक्षम है, तो वह भारत है।

चीन के साथ सैन्य गतिरोध को लेकर लगातार सवाल कर रहे हैं राहुल

बता दें कि इससे पहले राहुल ने चीन के साथ सैन्य गतिरोध को लेकर सवाल किया था। राहुल गांधी ने पूछा था कि क्या सरकार इस बात की पुष्टि कर सकती है कि किसी भी चीनी सैनिक ने भारत में प्रवेश नहीं किया है।

राहुल गांधी ने 29 मई को केंद्र सरकार पर हमला बोला था।  एक ट्वीट में राहुल गांधी ने कहा था कि चीन के साथ सीमा की स्थिति के बारे में सरकार की चुप्पी संकट के समय में भारी अटकलों और अनिश्चितता को हवा दे रही है। भारत सरकार को स्पष्ट करना चाहिए और भारत को बताना चाहिए कि वास्तव में क्या हो रहा है। वहीं, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मीडिया को अपने चौथे संबोधन के दौरान 26 मई को पूर्व कांग्रेस प्रमुख ने कहा था, "सीमा पर क्या हुआ, इसकी जानकारी सरकार को लोगों के साथ शेयर करना चाहिए।" उन्होंने कहा था कि नेपाल के साथ क्या हुआ और क्यों हुआ, लद्दाख में क्या हो रहा है ये सब स्पष्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था, "लद्दाख और चीन का मुद्दा एक जीवंत मुद्दा है। यहां पारदर्शिता की आवश्यकता है।"

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Rahul Gandhi, target, Amit Shah, everyone, knows, reality, 'Border'
OUTLOOK 08 June, 2020
Advertisement