Advertisement
11 February 2021

लोकसभा में बोले राहुल गांधी, कहा- कृषि कानूनों से जमाखोरी को मिलेगा बढ़ावा, मंडियां खत्म होंगी

ANI

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने गुरुवार को लोकसभा में मोदी सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि कृषि कानूनों से जमाखोरी को बढ़ावा मिलेगा और मंडियों का खत्म हो जाएंगी। कृषि कानून के कंटेंट में है कि कोई भी उद्योगपति जितना चाहें अनाज, फल और सब्जी उतना स्टोर कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए बुधवार को कहा था कि सदन में तीनों कृषि कानूनों के कंटेंट और मंशा पर बात नहीं हुई। उनके इस बयान पर राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब एक किसान हिंदुस्तान के सबसे बड़े उद्योगपतियों के सामने जाकर सब्जी-अनाज के लिए सही दाम मांगेगे तो उसे अदालत में नहीं जाने दिया जाएगा।

राहुल गांधी के भाषण के वक्त बीजेपी के सदस्य हंगामा करते नजर आए. इसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि आप बजट पर बात कीजिए. राहुल गांधी अपनी बात रखते रहे।  उन्होंने कहा कहा कि सालों पहले फैमली प्लानिंग का नारा था हम दो हमारे दो। आज ये नारा दूसरे रूप में आया है। इस देश को चार लोग चलाते हैं. आज इस सरकार का नारा है हम दो-हमारे दो।

Advertisement

राहुल गांधी ने कहा कि दो मित्रों में एक मित्र है उसको फल और सब्जी बेचने का अधिकार। इससे ठेले वालों, छोटे कारोबारियों, मंडी में काम करने वालों का नुकसान होगा। दूसरे मित्र को पूरे देश में अनाज, फल और सब्जी को स्टोर करना है।

राहुल गांधी ने कहा कि कानून लागू होने पर देश के किसान और मजदूर, व्यापारी का धंधा बंद हो जाएगा। किसानों का खेत चला जाएगा और सही दाम नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि सालों बाद हिंदुस्तान के लोगों को भूख से मरना पड़ेगा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था तबाह हो जाएगी। सरकार की यह पहली कोशिश नहीं है। प्रधानमंत्री ने इसे नोटबंदी में शुरू किया था। आइडिया था किसानों-गरीबों से पैसा लो और उद्योगपतियों की जेब में डालो। फिरजीएसटी लाया गया और किसानों-मजदूरों पर आक्रमण किया गया। इस दौरान उन्होंने आंदोलन के दौरान मारे गए किसानों की याद में दो मिनट का मौन रखा।

किसान संगठन दिल्ली की सीमाओं पर पिछले करीब तीन महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं। आंदोलनकारी नए कृषि कानूनों की वापसी की मांग कर रहे हैं। बुधवार किसान संगठनों ने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि 18 फ़रवरी को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पूरे देश में रेल रोको अभियान चलेगा. 12 फ़रवरी से राजस्थान के सभी टोल प्लाज़ा किसान फ़्री कराएंगे।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 11 February, 2021
Advertisement