Advertisement
06 April 2016

छोटे व्यवसासियों का गला घोंट रही है मोदी सरकार: राहुल गांधी

twitter/offc of RG

गैर चांदी के आभूषणों पर एक प्रतिशत उत्पाद शुल्क लगाने के सरकार के फैसले के विरोध में जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे अखिल भारतीय आभूषण विक्रेता और स्वर्णकार परिसंघ की रैली को संबोधित करते हुए बुधवार को राहुल ने केंद्र सरकार की मेक इन इंडिया पहल की आलोचना की और इसके लोगो का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक बब्बर शेर है जो छोटे कारोबारियों का गला घोंटना चाहता है। उन्होंने कहा, यह केवल आपके ऊपर लगाया गया उत्पाद शुल्क नहीं है। यह आपकी हत्या का प्रयास है। आपको मारा जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया लेकिन आपको क्यों मारा जा रहा है। इससे किसको फायदा पहुंचेगा। सर्वप्रथम इससे बड़े उद्योगपतियों का फायदा होगा और दूसरा इससे उन लोगों को लाभ होगा जो दबाव और ब्लैकमेल के रास्ते आपके फायदे में से पैसा निकालेंगे। यह बब्बर शेर छह बड़े उद्योगपतियां से संबद्ध है और वे आपका खून चूसना चाहते हैं और दलाली के जरिये पैसा बनाना चाहते हैं। महात्मा गांधी को याद करते हुए राहुल ने कहा कि चरखा छोटे कारोबारियों, किसानों, श्रमिकों की ताकत का प्रतीक है जबकि मेक इन इंडिया का शेर पांच-छह बड़े उद्योगपतियों का प्रतीक है। आभूषण से जुड़े कारोबारियों के पास 10 हजार करोड़ रूपये की फैक्टरी नहीं हैं, उनके पास छोटी इकाइयां हैं।

 

जंतर मंतर पर इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उनके पुत्र और रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय माकन उपस्थित थे। राहुल गांधी ने कहा, प्रत्येक आंदोलन का एक प्रतीक रहा है और अब मोदीजी मेक इन इंडिया के बारे में बोल रहे हैं। भारत में ऐसा एक आंदोलन 60-70 साल पहले हुआ था। तब चरखा प्रतीक था। यह प्रतीक अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक था और मेक इन इंडिया का आंदोलन था। मेक इन इंडिया का बब्बर शेर उत्पाद शुल्क के जरिये छोटे कारोबारियों का गला घोंटने का प्रयास कर रहा है। यह सच्चाई है। इस कारोबार से छह करोड़ लोग जुड़े हैं। वे अपने खून पसीने से देश के सकल घरेलू उत्पाद में 7 प्रतिशत योगदान दे रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस का काम कारोबारियों को उनके दुख और भय को दूर करने में मदद करना है। प्रधानमंत्री मोदी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मन की बात करते हैं लेकिन वे दूसरों को ऐसा नहीं करने देते। भाजपा में ऐसे नेता हैं जो आपकी मदद करना चाहते हैं लेकिन वे आज ऐसा करने से डरते हैं।

Advertisement

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: कांग्रेस, उपाध्यक्ष, राहुल गांधी, आभूषण व्यवसायी, जंतर मंतर, केंद्र सरकार, गैर चांदी वाले आभूषण, उत्पाद शुल्क, मोदी सरकार, गला घोंटने का प्रयास, अखिल भारतीय आभूषण विक्रेता और स्वर्णकार परिसंघ, महात्मा गांधी, चरखा, छोटे कारोबारी, किसान, श्रमिक, ताकत का प्रतीक
OUTLOOK 06 April, 2016
Advertisement