Advertisement
28 December 2020

कांग्रेस के स्थापना दिवस से पहले राहुल विदेश में, विपक्ष ने साधा निशाना, पार्टी ने बताया निजी दौरा

कांग्रेस के 136वें स्‍थापना दिवस के मौके पर सोमवार को अंतरिम अध्‍यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधॉ मुख्‍यालय में आयोजित समारोह में शामिल नहीं हुए। जहां सोनिया गांधी सार्वजनिक कार्यक्रमों में शिरकत करने से बचती रही हैं, वहीं राहुल गांधी रविवार को ही विदेश दौरे पर गए। गांधी परिवार की तरफ से पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी जरूर स्‍थापना दिवस समारोह में शामिल हुईं। राहुल के दौरे को लेकर विपक्ष ने निशाना साधा है। जिसके चलते कांग्रेस ने सफाई दी है कि यह उनका निजी दौरा है।

ज्यसभा सांसद एवं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए आज कहा कि केंद्र सरकार से वार्ता के ठीक पहले श्री गांधी ने देश छोड़कर किसानों को धोखा दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया कि श्री गांधी ने राफेल लड़ाकू विमान खरीद और नागरिकता कानून की तरह नये कृषि कानून को लेकर भी लोगों को गुमराह किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने पंजाब के कुछ बड़े किसानों को मंडी और ठेका खेती  को लेकर ऐसा उकसाया कि वे महीने भर से दिल्ली में धरना-प्रदर्शन कर रहे  हैं। 

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी की विदेश यात्रा को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस इधर अपना 136वां स्थापना दिवस मना रही है और राहुल जी ‘9 2 11’ हो गए!!

Advertisement

भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने का कहना है कि राहुल की भारत में छुट्टियां खत्म हो गई हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'भारत में राहुल गांधी की छुट्टी खत्म हो गई है, आज वह इटली वापस चले गए।' राहुल ऐसे समय पर देश से बाहर हैं जब पार्टी का स्थापना दिवस है और नया अध्यक्ष चुनने के लिए आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

राहुल के विदेश दौरे पर सफाई देते हुए सुरजेवाला ने कहा, 'हमने पहले भी सूचित किया है कि राहुल गांधी एक छोटी व्यक्तिगत यात्रा पर हैं और वह बहुत जल्द हमारे बीच होंगे।' वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'राहुल गांधी अपनी नानी को देखने गए हैं। क्या यह गलत है? व्यक्तिगत दौरे करने का अधिकार सभी को है। भाजपा निम्न स्तर की राजनीति में लिप्त है। वे राहुल गांधी पर निशाना साध रहे हैं क्योंकि वे केवल एक नेता को निशाना बनाना चाहते हैं।'

इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। गुलाम नबी आज़ाद और आनंद शर्मा भी कार्यक्रम में शामिल हुए जिन्हें पिछले दिनों पार्टी में सुधार की बात कहते हुए पत्र लिखा था तथा राजस्थान सरकार  के खिलाफ आवाज उठाने वाले सचिन पायलट ने भी शिरकत की।

बाद में पत्रकारों से बात करते हुए, प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सरकार को किसानों की आवाज सुननी चाहिए और आंदोलन को "राजनीतिक साजिश" के रूप में नहीं देखना चाहिए। तीन नए केंद्रीय कृषि कानूनों को निरस्त करने के लिए हजारों किसान दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने राहुल गांधी की अनुपस्थिति पर सवालों के जवाब नहीं दिए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 28 December, 2020
Advertisement