Advertisement
19 June 2015

राहुल गांधी के जन्‍मदिन पर प्रधानमंत्री ने दी बधाई

outlookindia.com

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। राहुल गांधी आज 45 वर्ष के हो गए हैं। इस माैके पर मोदी ने ट्वीट किया, कांग्रेस उपाध्यक्ष श्री राहुल गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं। गौरतलब है कि कई साल बाद, राहुल अपने जन्मदिन पर दिल्‍ली में हैं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जन्मदिन मनाने के लिए व्यापक इंतजाम किया था।

 

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर राहुल के आवास के बाहर पटाखे चलाकर और केक काटकर राहुल गांधी का जन्मदिन मनाया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी राहुल के आवास 12 तुगलक लेन पहुंची। उनके सामने ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगदीश शर्मा के नेतृत्व में बर्थडे केक काटकर राहुल का जन्मदिन मनाया। चूंकि कई सालों बाद राहुल अपने जन्मदिन पर दिल्ली में हैं इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता भी पूरे उत्साह में हैं। कार्यकर्ताओं ने फूलों से सजे रथ के साथ मालचा मार्ग से उनके आवास तक एक जुलूस भी निकाला। कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी ध्वजों, बैनरों और राहुल के कट आउट के साथ कारों का काफिला भी निकाला।

Advertisement

बाद में इस मौके पर राहुल कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात की। बड़ी संख्या में कांग्रेस सेवा दल से शुभकामनाएं देने वहां पहुंचे सेवा दल कार्यकर्ताओं से भी राहुल ने भेंट की। कार्यकर्ताओं का उत्साह इस वर्ष राहुल द्वारा पार्टी में बङी भूमिका संभालने की अटकलों की वजह से भी बढा हुआ है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राहुल गांधी, जन्‍मदिन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बधाई, Rahul Gandhi, Narendra Modi, birthday
OUTLOOK 19 June, 2015
Advertisement