Advertisement
09 November 2022

सुजानपुर में बोले पीएम मोदी, अब तो लोगों ने भी ठान लिया है कांग्रेस को हिमाचल से निकालना ही पड़ेगा

ट्विटर/एएनआई

हिमाचल प्रदेश में हमीरपुर के सुजानपुर में चुनावी जनसभा में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को हमेशा लगता है कि हिमाचल हमेशा 5 साल उनके, 5 साल मेरे की नीति पर ही चलेगा। इसीलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और हिमाचल के लोगों की कोई परवाह नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा कि जो(कांग्रेस) विपक्ष की जिम्मेदारी नहीं निभा सकते हैं, आपके सवालों को लेकर हिलते भी नहीं हैं, वे यहां सरकार में आने के बाद आपके लिए क्या करेंगे? ऐसे लोगों पर भरोसा कर सकते हैं क्या? इसलिए अब हिमाचल के लोगों ने भी ठान लिया है कि अब तो कांग्रेस को हिमाचल से निकालना ही पड़ेगा।

बता दें कि पूरे राज्य में एक चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे। चुनाव प्रचार में सभी पार्टियां चुनावी मैदान में डटी हुई हैं।

Advertisement

यहां सार्वजनिक रैली के लिए पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कि मैं यहां के लोगों को जितना जानता हूं, मैं ये कह सकता हूं कि इस बार हिमाचल के लोग खुद चुनाव लड़ रहे हैं, खुद नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनाने का फैसला यहां की जनता ने कर लिया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि उड़ीसा से कांग्रेस गायब, तेलंगाना से कांग्रेस साफ, उत्तर प्रदेश और बिहार ने तो बहुत पहले ही कांग्रेस को विदा कर दिया। कांग्रेस खुद को जनता से भी ऊपर मानती है, उसी का ये नतीजा है। उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उपचुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को बहुत कमजोर माना जाता था वहां भी लोगों ने कमल का फूल खिला दिया है। लेकिन कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी वहां पर कांग्रेस की स्थिति दिनों दिन बिगड़ती ही जा रही है।

पीएम मोदी ने कहा कि इतने वर्षों के शासन में कांग्रेस ने जिस तरह हिमाचल के साथ विश्वासघात किया है उसके सबसे बड़े भुक्तभोगी हिमाचल के ही लोग हैं। कांग्रेस ने हिमाचल को हर बुनियादी चीज के लिए तरसा दिया था। वहीं BJP है जिसने हर घर को बुनियादी सुविधा से जोड़ने के लिए ईमानदारी से प्रयास किया है।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा, "2014 से पहले गरीब कच्चे मकान में रहता था, लकड़ी काटकर चूल्हा जलाता था, शौच के लिए खुले में जाता था, पानी के लिए तालाब में जाता था, बैंक में खाता नहीं था।"

इससे पहले चंबी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कई राजनीतिक दल सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे चल रहे हैं। इसलिए भाजपा की सरकारों का जैसे-जैसे लोगों को अनुभव आता है लोगों का विश्वास बढ़ता जाता है और बार-बार आशीर्वाद मिलता रहता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा कितना है, एक बार सरकार से गई तो उसका वापस लौटना ही मुश्किल होता है। तमिलनाडु में वहां के लोगों ने करीब 60 साल पहले वहां से कांग्रेस को निकाला, 60 साल हो गए अब तक वापस नहीं आई।

पीएम मोदी ने कहा कि आज कई ऐसे राज्य हैं जहां कांग्रेस का एक भी विधायक नहीं है। कांग्रेस का आधार आज भी परिवारवाद ही है। ऐसी कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को, अपेक्षाओं को कभी पूरा नहीं कर सकती।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने उज्ज्वला योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने गृहिणी योजना चलाकर इसमें और लोगों को जोड़ दिया। केंद्र सरकार ने आयुष्मान योजना चलाई, हिमाचल की भाजपा सरकार ने हिमकेयर योजना से और लोगों को इसमें जोड़ दिया। इस तरह से डबल इंजन सरकार काम कर रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Modi, PM Narendra Modi, Himachal Election 2022, BJP, Congress
OUTLOOK 09 November, 2022
Advertisement