Advertisement
08 May 2019

राजीव गांधी की छुट्टियों के लिए नेवी अफसरों और INS विराट को किया गया था तैनात: पीएम मोदी

ANI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। यहां उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का एक बार फिर जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'जब आईएनएस विराट को समुद्री सीमाओं की रक्षा के लिए तैनात किया गया था, तब उसे राजीव गांधी और उनके ससुराल वालों को छुट्टियों से वापस लाने के लिए द्वीप पर भेजा गया था। विदेशी लोग उस पर सवार थे। क्या यह राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता नहीं है? यहां तक कि तब नेवी के अफसरों को राजीव गांधी और उनके परिवार की छुट्टियों के दौरान उनकी सेवा में लगा दिया गया था। आईएनएस विराट को द्वीप पर दस दिनों के लिए तैनात रखा गया था।' इससे पहले पीएम मोदी राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर वन बता चुके हैं।

'दिल्ली में नाकामपंथी राजनीतिक मॉडल'

उन्होंने कहा कि भारत में चार अलग-अलग तरह की राजनीतिक परम्पराएं रही हैं। पहला- नामपंथी, दूसरा - वामपंथी, तीसरा- दाम और दमनपंथी, चौथा- विकासपंथी लेकिन दिल्ली देश का इकलौता राज्य है जिसने पॉलिटिकल कल्चर का एक पांचवां मॉडल भी देखा। ये है नाकामपंथी यानी जो दिल्ली के विकास से जुड़े हर काम को ना कहते हैं औऱ जो काम करने की कोशिश भी करते हैं, उसमें नाकाम रहते हैं। पिछले 5 वर्षों में देश में जो बड़े फैसले लिए गए हैं उसमें आपने सदैव मेरा साथ दिया है। आज वीआईपी वाली लाल बत्ती अगर नेताओं और अफसरों की गाड़ी से उतरी है तो इसका कारण आप सभी हैं।

Advertisement

परिवारवाद पर किया वार

परिवारवाद पर पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्र चौथी पीढ़ी को देख रहा है लेकिन इस वंशवादी मानसिकता को उन सभी को अनुमति नहीं दी गई है जो हैं दिल्ली में दीक्षित, हरियाणा में हुड्डा, भजनलाल जी और बंसीलाल जी की वंशवाद की राजनीति चल रही है। पंजाब में बेअंत सिंह का परिवार, राजस्थान में गहलोत और पायलट। मप्र में सिंधिया, कमलनाथ का परिवार और दिग्विजय सिंह का परिवार वंशवाद को मजबूत कर रहा है।

गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

जीएसटी पर पीएम मोदी ने कहा कि जीएसटी ने देश में टैक्स का जाल खत्म किया है। जीएसटी को इस तरह डिजाइन किया गया है जिससे देश को इंस्पेक्टर राज से मुक्ति मिले। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मध्यम वर्ग को उनके घरों के लिए मदद दी जाती है। मध्यम वर्ग की ईमानदारी का सम्मान करते हुए हमने 5 लाख रुपये तक की वार्षिक आय को कर योग्य आय से बाहर रखा है। जब काम अच्छे इरादों से किया जाता है तो इससे परिणाम भी अच्छे मिलते हैं। महंगाई बढ़ती जा रही थी, यह अब नियंत्रण में है। गरीबों के घर, शौचालय, बिजली तक पहुंच है और उन्हें आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिया जाता है।

रैली स्थल पर अंबेडकर 

रामलीला मैदान में कई लोग नजर आए, जो भीमराव अंबेडकर से जुड़ी किताब बांट रहे थे। इस किताब का नाम 'समरसता संदेश' है। किताब बांटने वाले मध्य प्रदेश से आए मक्खन बताते हैं कि वह समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। वह खुद को भाजपा कार्यकर्ता नहीं बताते हैं लेकिन वह मोदी का समर्थन करते हैं। वह कहते हैं कि जो काम मोदी जी कर रहे हैं वही हम भी कर रहे हैं। पिछड़े वर्ग आदि को जोड़ने का काम कर रहे हैं। हम अंबेडकर जी का प्रचार कर रहे हैं।

रोजगार और राम मंदिर पर क्या बोले समर्थक

रैली स्थल में आए कई मोदी समर्थकों ने अपनी बात कही। यहां आए पुजारी रामनारायण पांडेय कहते हैं पांच दस बरस मोदी प्रधानमंत्री रह जाएं तो देश का सुधार हो जाएगा और विश्व में देश का नाम हो जाएगा। राम मंदिर के सवाल पर वह कहते हैं कि अगर भारत नहीं रहेगा तो मंदिर क्या होगा। मंदिर भी बन जाएगा। मोदी सब कुछ साफ-साफ बोलते हैं। चीन भारत से दब गया। रोजगार के सवाल पर एक अन्य समर्थक शशिकांत पांडे कहते हैं कि लोगों की शादी-ब्याह का खर्चा कहां से चल रहा है? इसका मतलब रोजगार है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: PM Modi rally in delhi, ramlila maidan, rajiv gandhi, aap
OUTLOOK 08 May, 2019
Advertisement