Advertisement
26 October 2022

खड़गे के पदभार संभालने के बाद बोले अशोक गहलोत, "केवल राहुल गांधी ही पीएम मोदी को चुनौती दे सकते हैं"

ट्विटर/एएनआई

नवनिर्वाचित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आज औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने पर दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि यह राहुल गांधी की इच्छा थी कि एक गैर-गांधी पार्टी का अध्यक्ष बने। अशोक गहलोत ने बुधवार को कहा कि राहुल गांधी को सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष बनाने के लिए "आखिरी मिनट तक" तमाम प्रयास किए जा रहे थे क्योंकि उनके मुताबिक "केवल वही हैं जो प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दे सकते हैं।" गहलोत ने कहा कि आखिरी समय तक उन्हें पार्टी का अध्यक्ष बनाने की कोशिश की गई।

वहीं, उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे को बधाई भी दी। गहलोत ने कहा कि हम खड़गे के साथ मिलकर पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।

गहलोत ने कहा कि आज पार्टी खड़गे के नेतृत्व में नई शुरुआत कर रही है। ऐसे में कांग्रेस के सभी नेता और कार्यकर्ता उनके साथ हैं। हम पार्टी को नई मजबूती देने के लिए तैयार हैं। इस दौरान उन्होंने सोनिया गांधी की भी तारीफ करते हुए कहा की सोनिया गांधी ने 1998 के मुश्किल हालातों में कांग्रेस की जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने सफलता के अपने दायित्व का निर्वहन किया।

Advertisement

बता दें कि राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के पदभार ग्रहण समारोह में शामिल होने दिल्ली आए हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी में सभी चाहते थे कि राहुल गांधी ही अध्यक्ष बनें। गहलोत ने कहा कि सिर्फ राहुल ही पीएम मोदी को टक्कर दे सकते हैं। जानकारी के मुताबिक  अशोक गहलोत आज सोनिया गांधी से भी मुलाकात करेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mallikarjun Kharge, Ashok Gehlot, Congress
OUTLOOK 26 October, 2022
Advertisement