Advertisement
13 May 2019

कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें मिलीं तो क्या पीएम मोदी विजय चौक पर फांसी लगा लेंगे: खड़गे

File Photo

लोकतंत्र का महापर्व बीतने से पहले ही जीत के लिए राजनीतिक पार्टियों का एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। इस बीच नेता विवादित बयान देने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। देशभर में जारी चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस के कद्दावर नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक विवादित बयान दे डाला है। खड़गे ने एक चुनावी सभा में कहा कि अगर हमें 40 से ज्यादा सीटें मिल गईं तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक में फांसी लगा लेंगे?

कांग्रेस के कद्दावर नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कलबुर्गी में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा, ‘मोदी जहां भी जाते हैं वहां कहते हैं कि कांग्रेस को 40 सीटें नहीं मिलेंगी। क्या उनकी बातों पर आपको भरोसा है? अगर कांग्रेस को 40 से ज्यादा सीटें मिलेगी तो क्या मोदी दिल्ली के विजय चौक पर फांसी लगाएंगे?’

कर्नाटक की गुलबर्गा संसदीय सीट से तीसरी बार चुनावी मैदान में उतरे खड़गे द्वारा कलबुर्गी में एक रैली को संबोधित करते हुए ये विवादित बयान पार्टी को मुश्किल में डाल सकता है।

Advertisement

पार्टियों को अब बस आखिरी रण का इंतजार

लोकसभा की 543 सीटों में से सरकार बनाने के लिए 50 फीसदी से ज्यादा यानी कम से कम 272 सीटें तो जरूर चाहिए लेकिन कांग्रेस अकेले दम पर सिर्फ 40 सीटें जीतने का दावा कर रही है। चुनावी चरण की छठी दहलीज पार कर चुकी पार्टियों को अब बस आखिरी रण का इंतजार है।

चुनावी माहौल में जारी है विवादित बयान का सिलसिला

इस चुनाव में नेताओं की ओर से विवादित और मर्यादाहीन बयान का सिलसिला चल पड़ा है। यह पहली बार नहीं है जब प्रधानमंत्री मोदी को लेकर इस तरह का बयान सामने आया है। इससे पहले कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रधानमंत्री मोदी पर रंगभेदी टिप्पणी की थी। उन्होंने मोदी को काला अंग्रेज बताया था।

पीएम की तुलना आधुनिक औरंगजेब से की गई थी तुलना

हाल ही में महाराष्ट्र कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने पीएम की तुलना आधुनिक औरंगजेब से की थी। उन्होंने कहा था, 'वाराणसी के लोगों ने जिस व्यक्ति को चुना वे औरंगजेब के आधुनिक अवतार हैं। क्योंकि यहां पर कॉरिडोर के नाम पर सैकड़ों मंदिरों को तुड़वाया गया और विश्वानाथ मंदिर में दर्शन के नाम पर 550 रूपए का फीस लगाया गया।'

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Mallikarjun Kharge, 'Will Modi, Hang Himself, Congress, Wins, 40 Seats, Lok Sabha Elections 2019
OUTLOOK 13 May, 2019
Advertisement