Advertisement
30 March 2021

केरलः प्रियंका गांधी ने BJP पर साधा निशाना, कहा – देश को बेवकूफ नहीं बना पाएंगे झूठे वादे करने वाले भ्रष्ट लोग

ANI

केरल में छह अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने हैं। इस सिलसिले में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केरल के करुणागप्पल्ली, कोल्लम जिले में चुनाव प्रचार के दौरान जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अलप्पुझा जिले के कयमकुलम में रोड शो किया और पार्टी उम्मीदवार अरिता बाबू के लिए वोट मांगे। प्रियंका गांधी ने बिना नाम लिए भाजपा पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि झूठे वादे करने वाले भ्रष्ट लोग आपको बेवकूफ नहीं बना पाएंगे।

प्रियंका गांधी ने कहा, 'मैं देश के लोगों को दिखाना चाहती हूं कि आप लोग झूठे वादों के बहकावे में नहीं आएंगे। भ्रष्ट नेता और ऐसे लोग आपको बेवकूफ नहीं बना पाएंगे, जो आपके बारे में बिल्कुल भी नहीं सोचते हैं।'

26 साल की अरिता बाबू केरल विधानसभा चुनाव में सबसे कम उम्र की उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला माकपा की मौजूदा विधायक यू प्रतिभा हरि और भाजपा उम्मीदवार प्रदीप लाल से होगा। लोगों से रूबरू होने के बाद वह पड़ोसी जिले तिरुवनंतपुरम के लिए रवाना हो गईं जहां उन्होंने वेंजरामूडू में जनसभा को संबोधित किया। साथ ही, तटीय स्थल पूनथुरा समेत विभिन्न स्थानों पर रोड शो किया। बता दें कि प्रियंका गांधी ने वलियाथुरा में भी एक जनसभा को संबोधित किया।

Advertisement

केरल में विधानसभा की 140 सीटें हैं. यहां सीपीआई (एम) के नेतृत्व वाले लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट की सरकार है। पिछले विधानसभा चुनाव में एल़डीएफ को 91 और कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट को 47 सीटें मिली थीं। यहां सरकार बनाने के लिए 71 सीटों की जरूरत होती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 30 March, 2021
Advertisement