Advertisement
20 February 2021

झारखंडः भाजपा ने पूछा कांग्रेस प्रभारी आरपीएन की वसूली का टार्गेट तो कांग्रेस पहुंची एसपी के पास

FILE PHOTO

कांग्रेस में पैसा वसूली का मामला तूल पकड़ रहा है। कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता पूर्व सांसद फुरकान अंसारी द्वारा पार्टी के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह पर पूर्व में लगाया गया आरोप वायरल था कि वे यहां के मंत्रियों से वसूली करते हैं। अब फुरकान के पुत्र और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्‍यक्ष विधायक इरफान अंसारी ने यह आरोप लगा दिया है कि बीस सूत्री और निगरानी समितियों के लिए नाम पैसे लेकर भेजे जा रहे हैं।

पिता-पुत्र के बयान को लेकर भाजपा मौज ले रही है। ट्रैक्‍टर रैली में भाग लेने आरपीएन सिंह आये तो भाजपा प्रवक्‍ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि  कांग्रेस प्रभारी स्‍पष्‍ट करें कि वह कांग्रेस के मंत्रियों से कितना कलेक्‍शन का टारगेट लेकर आये हैं। ट्रैक्‍टर रैली में आना तो बहाना है। असली कारण कलेक्‍शन प्रतीत होता है। प्र‍तुल ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने आरपीएन सिंह पर कांग्रेस के मंत्रियों से कलेक्‍शन का आरोप लगाया था। इसके बावजूद फुरकान पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे साफ है कि कांग्रेस इस मुद्दे पर फुरकान के बयान से सहमत है। प्रतुल शाहदेव के इस बयान के बाद कांग्रेस के नेताओं का शिष्‍टमंडल शनिवार को रांची के पुलिस अधीक्षक से मिला और अनर्गल बयान के मसले पर कार्रवाई की मांग की। भाजपा प्रवक्‍ता प्रमुल ने शनिवार को कांग्रेस के एक्‍शन पर मीडिया से कहा कि भाजपा गीदड़ घुड़की से डरने वाली नहीं है। कांग्रेस नेता द्वारा उनके बयान पर लिखित शिकायत करने पर ये बात बोल रहे थे। शाहदेव ने कहा कि उन्‍होंने कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी के अखबार में छपे बयान पर कांग्रेस प्रभारी से प्रतिक्रिया मांगी थी। आश्‍चर्यजनक है कि कांग्रेस अपने पार्टी के नेता के बयान पर जवाब न देकर डराने-धमकाने पर उतारू हो गई है। इससे जाहिर है कि दाल में काला है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 20 February, 2021
Advertisement