Advertisement
15 September 2024

पिछले 10 साल में लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने का संगठित प्रयास किया गया: मल्लिकार्जुन खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने 2024 को भारत के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष बताते हुए रविवार को कहा कि 140 करोड़ भारतीयों ने ऐसा जनादेश दिया जो राष्ट्र निर्माताओं की कड़ी मेहनत से निर्मित दीर्घकालिक संस्थाओं पर विश्वास कायम करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 साल में ‘‘लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने, संस्थाओं को ध्वस्त करने तथा हमारी प्रणालियों की अखंडता को नुकसान पहुंचाने का बड़ा प्रयास’’ किया गया है।

खड़गे ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को उद्धृत करते हुए कहा, ‘‘लोकतंत्र सरकार का सर्वोत्तम स्वरूप है। यह लोगों को तय करने का अधिकार देता है कि उन पर किस प्रकार शासन किया जाए तथा वे अपने नेताओं को जवाबदेह ठहरा सकते हैं।’’

Advertisement

खड़गे ने इस साल हुए लोकसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘2024 भारत के लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण वर्ष है और 140 करोड़ भारतीयों ने एक ऐसा जनादेश दिया, जो हमारे राष्ट्र निर्माताओं द्वारा कड़ी मेहनत से निर्मित हमारी दीर्घकालिक संस्थाओं पर विश्वास कायम करता है।’’

उन्होंने ‘अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस’ के मौके पर सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘अब, हमें अपने संसदीय लोकतंत्र और संविधान के मूल्यों को बनाए रखने तथा उन मूल्यों की रक्षा करने के लिए और अधिक सतर्क रहना होगा, जिनमें ‘हम, भारत के लोग’ सामूहिक रूप से विश्वास करते हैं।’’

खड़गे ने कहा, ‘‘आइए, अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस पर हम भारत की उस मूल भावना के प्रति खुद को पुनः समर्पित करें, जिसमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांत शामिल हैं।’’

संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 2007 में 15 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: last 10 years, destroy the democratic structure, Mallikarjun Kharge
OUTLOOK 15 September, 2024
Advertisement