Advertisement
01 August 2018

गृहयुद्ध वाले बयान पर बोलीं ममता, मैंने ऐसा नहीं कहा, मैं भाजपा की नौकर नहीं जो उनका जवाब दूं

ANI

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मिशन 2019 पर निकली हुई हैं।आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ तमाम विपक्षी दलों को एकजुट करने की मुहिम में वह दिल्ली आई हुई हैं। इस दौरान वे कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के नेताओं से तो मिल ही रही हैं, साथ ही भाजपा के बागी नेताओं से भी मुलाकात कर रही हैं। ममता बनर्जी ने इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की।

मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि हमने वर्तमान राजनीतिक हालातों और भविष्य में चुनाव एक साथ लड़ने की संभावनाओं पर चर्चा की। हमने असम के एनआरसी मुद्दे पर भी बात की।

गृहयुद्ध वाले बयान पर ममता ने कहा, 'मैं भाजपा की नौकर नहीं हूं कि उनकी हर बात का जवाब दूं। मैंने यह (गृहयुद्ध वाला) बयान नहीं दिया। मुझे 40 लाख लोगों की चिंता है जिनका नाम एनआरसी लिस्ट में नहीं है। भाजपा को चिंता है कि वह 2019 में सत्ता में नहीं आएगी।'

Advertisement

इससे पहले ममता ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से भी आशीर्वाद लिया। ममता बनर्जी ने संसद भवन में भाजपा के वरिष्‍ठ नेता लाल कृष्‍ण आडवाणी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान ममता बनर्जी ने आडवाणी के पांव भी छुए। ममता ने आडवाणी के साथ 15 मिनट मीटिंग की।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, इस मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा कि आडवाणी जी को लंबे समय से जानती हूं, आज उनसे मिलकर उनका हालचाल पूछा।

 ममता ने कहा कि मैंने यशवंत सिन्हा और शत्रुघ्न सिन्हा से आग्रह किया है कि वह नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स की वास्तविकता जांचने के लिए एक टीम को असम भेजें।

इससे पहले ममता बनर्जी ने कहा कि 2019 में बीजेपी के खिलाफ विपक्ष का साझा नेतृत्व होगा। ममता बनर्जी अपने तीन दिन के दौरे पर दिल्ली में हैं, जहां वो आज कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगी। वहीं दूसरे विपक्षी दलों के नेताओं से भी ममता मिलेंगीं। ममता बनर्जी संसद में दोपहर 12.30 से शाम चार बजे तक विपक्षी दलों के सांसदों से मिलेंगी। वहीं तृणमूल के सांसदों से संसद में मुलाकात करेंगी। शाम पांच बजे वह सोनिया गांधी से उनके घर मिलने जाएंगी। शाम छह बजे कर्नाटक भवन में पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा से मुलाकात करेंगी। वहीं रात आठ बजे साउथ एवेन्‍यु में दिल्‍ली के सीएम अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करेंगी।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: West Bengal, Chief Minister Mamata Banerjee, meets, senior BJP leader, Lal Krishna Advani, Parliament
OUTLOOK 01 August, 2018
Advertisement