Advertisement
07 November 2017

हिमाचल चुनाव: प्रचार का आखिरी दिन आज, भाजपा-कांग्रेस ने झोंकी पूरी ताकत

Demo Pic

हिमाचल जैसे ठण्डे प्रदेश में सियासी गर्मी का तापमान चरम पर है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी जैसे प्रमुख राजनीतिक दलों ने जनता को रिझाने के लिए अपनी पूरी ताकत  झोंक दी है। मंगलवार को सूबे में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। ऐसे में दोनों पार्टियां चुनावी अभियान तेज करती दिखाई दे रही हैं।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए नौ नवंबर को होने वाले मतदान के लिए भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का बड़ी संख्या में जमावड़ा लगा हुआ है। भाजपा की ओर से जहां सोमवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हिमाचल प्रदेश पहुंचे। वहीं केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा और थावरचंद गहलोत एवं बिहार सरकार में मंत्री मंगल पाण्डेय राज्य में कैंप कर रहे हैं।

उधर, कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत कई शीर्ष नेताओं ने कमान संभाली है। सोमवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी हिमाचल प्रदेश में रैली की। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के 'पर्यटन और फल उद्योग को नुकसान पहुंचा रहे हैं। राहुल ने कहा, " जीएसटी को लेकर सरकार ने हमारी नहीं सुनी। अब इस निर्णय से सभी जूझ रहे हैं। जब हम 2019 में सत्ता में आएंगे, हमलोग जीएसटी को लोगों के लिए आसान बनाएंगे।"

Advertisement

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिमाचल की जनता को कांग्रेस यानी भ्रष्टाचार वाली पार्टी बताकर अपने विकास के एजेंडे से साधने का प्रयास किया। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Himachal Elections, last day of campaigning, BJP-Congress, election campaign fast
OUTLOOK 07 November, 2017
Advertisement