Advertisement
07 April 2017

'गोवा में कांग्रेस की फिल्म चल जाती, यदि उसका हीरो सोता नहीं'

google

मोटरयान संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस के के सी वेणुगोपाल ने गोवा में 13 सीटों के बावजूद भाजपा की सरकार बनवाने में विलेन की भूमिका निभाने के लिए गडकरी पर हल्का सा तंज कसा। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में भाजपा को 13 सीटें मिली थीं और वह राज्य में गठबंधन सरकार बनाने में सफल रही।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिग्विजय सिंह गोवा में पार्टी मामलों के प्रभारी थे। कर्मठ और बहुत अच्छा काम करने के लिए वेणुगोपाल ने गडकरी की काफी तारीफ की लेकिन साथ ही कहा कि वह बहुत अच्छे व्यक्ति हैं लेकिन गोवा में उन्होंने विलेन की भूमिका अदा की।

इस पर गडकरी ने कांग्रेस की विफलता की जिम्मेदारी दिग्विजय सिंह पर डालते हुए उनका नाम लिए बिना कहा,  आप मुझे क्यों दोष दे रहे हैं? आपका हीरो सारी रात सोता रहा। आपकी फिल्म चल जाती यदि आपका हीरो रातभर सोता नहीं रहता।

Advertisement

विधेयक पर चर्चा के दौरान कई सदस्यों ने गडकरी की सराहना की। कांग्रेस ने गोवा में बहुमत हासिल करने के लिए भाजपा पर अनैतिक तौर तरीके अपनाने का आरोप लगाया था। कांग्रेस को वहां 17 सीटें मिली थीं।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गडकरी की तारीफ की लेकिन साथ ही कहा कि सत्ता पक्ष की सीटें खाली पड़ी हैं और सदन में कोरम भी नहीं है तो ऐसे में चर्चा के प्रति भाजपा की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। जब खड़गे ने कोरम की बात कही तो सदन में करीब 28 सदस्य मौजूद थे। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गडकरी, भाजपा, कांग्रेस, गोवा, goa, gadkari, bjp, congress
OUTLOOK 07 April, 2017
Advertisement