Advertisement
19 May 2018

येदियुरप्पा सरकार का शक्ति-परीक्षण आज चार बजे, विधानसभा पहुंचे सिद्धरमैया और बोपैया

कर्नाटक में भाजपा की बीएस येदियुरप्पा सरकार का विधानसभा में शक्ति-परीक्षण शनिवार को चार बजे होगा। इससे पहले राज्य की राजधानी बेंगलूरू में राजनीतिक गहमा-गहमी तेज हो गई। भाजपा को जहां विश्वास मत हासिल कर लेने का भरोसा है वहीं कांग्रेस यह तय मानकर चल रही है कि सरकार गिर जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।  पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस विधायक दल के नेता सिद्धरमैया और प्रोटेम स्पीकर केजी बोपैया  विधानसभा पहुंच गए हैँ।

भाजपा का दावा, विश्वासमत हासिल करेंगे

सांगरीला होटल में विधायक दल की बैठक में भाग लेने पहुंचे मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने फिर दावा किया कि वह सौ फीसदी विश्वासमत हासिल कर लेगें। उन्होंने कहा कि वे कल से कर्नाटक के लोगों से किए गए वादों पर काम करना शुरू कर देंगे। पार्टी के वरिष्ठ नेता सदानंद गौड़ा ने कहा कि साढ़े चार बजे तक इंतजार करें येदियुरप्पा पांच साल तक सीएम रहेंगे। केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने कहा कि कांग्रेस और जेडीएस का गठबंधन अपवित्र है। वे स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Advertisement

कांग्रेस बोली, सरकार का गिरना तय

दूसरी ओर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि संख्या बल भाजपा के खिलाफ और हमारे पक्ष में है। विधायक हमारे पक्ष में हैं। हम सरकार बनाएंगे। लोकसभा में कांग्रेस ने नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी कहा कि भाजपा सिर्फ बहुमत साबित करने का प्रयास कर रही है और वे ऐसा करने में विफल रहेंगे। उनके पास सरकार को बचाने लायक विधायकों की संख्या नहीं है।

इस बीच, हैदराबाद से चल कर कांग्रेस विधायक बेंगलूरू के होटल हिल्टन पहुंच गए हैं। जेडीएस के विधायक भी ली मेरिडियन पहुंच गए हैं। यहीं से ये विधायक विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने के लिए सदन जाएंगे।

कहीं नहीं जाएंगे हमारे विधायकः कुमारस्वामी

जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी ने कहा कि मेरे लिए आज का दिन महत्वपूर्ण नहीं है, महत्वपूर्ण दिन भविष्य में आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि चार बजे तक भाजपा हमारे विधायकों को अपनी ओर लाने का प्रयास करेगी लेकिन हमारे विधायक एकजुट हैं और वे कहीं नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह और सिद्धरमैया साथ रहेंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Floor test, Yeddyurappa, government, today, Karnataka, Assembly, Bengaluru
OUTLOOK 19 May, 2018
Advertisement