Advertisement
11 April 2019

आज मतदाता करेंगे इन पांच दिग्गजों के भाग्य का फैसला

लोकसभा चुनाव को लेकर देश भर में सरगर्मियां तेज है। गुरुवार यानी आज पहले चरण के लिए मतदान जारी है। आज कई कद्दावर उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो जाएगा। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों में पर वोटिंग हो रही है। पहले चरण में  नितिन गडकरी, चौधरी अजित सिंह, वीके सिंह जैसे कई वरिष्ठ नेता मैदान में हैं।

पहले चरण की अहम पांच सीटों पर एक नजर...

नितिन गडकरी 

Advertisement

लोगों की निगाह महाराष्ट्र की राजनीति के बड़े चेहरे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी पर है। गडकरी दोबारा भाजपा की टिकट से नागपुर संसदीय सीट पर चुनावी मैदान में उतरे हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार नाना पटोले से है। आरएसएस के प्रभाव वाली नागपुर सीट पर भाजपा का दबदबा रहा है, लेकिन कुनबी समाज से आने वाले नाना पटोले के मैदान में उतरने से गडकरी को इस कड़ी टक्कर मिल सकती है। 2014 में नागपुर सीट पर गडकरी ने 2.5 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की थी।

चौधरी अजीत सिंह

राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रमुख चौधरी अजीत सिंह मुजफ्फरनगर सीट से चुनावी मैदान में हैं। उनका सीधा मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार संजीव बालियान से है। चौधरी अजीत सिंह जाटों के बड़े नेता माने जाते हैं, हालांकि वह पिछला चुनाव मोदी लहर में हार गए थे। लेकिन इस बार सपा-बसपा-रालोद गठबंधन होने के कारण समीकरण कुछ और है। इस सीट पर मुसलमान, जाटव और जाट वोट बैंक का अच्छा खासा प्रभाव है। सपा, बसपा और रोलद गठबंधन के चलते इस सीट पर उनका पलड़ा भारी दिखता है।

महेश शर्मा

केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा इस बार गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) से चुनाव लड़ रहे हैं, उनका भाग्य यहां होने वाले त्रिकोणीय मुकाबले में दांव पर लगा है। कांग्रेस ने अरविंद कुमार सिंह को जबकि सपा-बसपा-रालोद गठबंधन ने यहां बसपा के सतवीर को संयुक्त रूप से अपना प्रत्याशी बनाया है। इस संसदीय क्षेत्र से दो निर्दलीय सहित कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जनरल वीके सिंह

पूर्व सेना प्रमुख और विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह एक बार फिर बीजेपी की टिकट से गाजियाबाद सीट से उम्मीदवार हैं। कांग्रेस ने यहां से डॉली शर्मा को टिकट दिया है। वहीं सपा-बसपा और रालोद गठबंधन ने इस सीट पर वीके सिंह के लिए मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है गठबंधन उम्मीदवार सुंरेश बंसल से कांटे टक्कर मिलने की उम्मीद है। 

जीतनराम मांझी

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के मुखिया जीतन राम मांझी बिहार के गया संसदीय से चुनाव लड़ रहे हैं। जीतन  राम मांझी की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी), कांग्रेस और वीआईपी महागठबंधन के साथ मिलकर लड़  रही है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला राजग और महागठबंधन के बीच ही माना जा रहा है। 2014 के चुनाव मे जीतन राम मांझी जदयू के टिकट पर चुनावी मैदान में थे और वह तीसरे नंबर पर रहे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: lok sabha elections 2019, five veteran leaders, contesting, first phase, lok sabha elections
OUTLOOK 11 April, 2019
Advertisement