Advertisement
29 March 2023

ईडी, सीबीआई ने सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में ला दिया है: अरविंद केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशाालय (ईडी) के छापों ने सभी भ्रष्ट लोगों को ‘एक पार्टी’ में ला दिया है और जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का शासन खत्म होगा तो देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा।

केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा में पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान यह बात कही। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश में लोकतंत्र को रौंदने का कोई मौका नहीं छोड़ा। यह प्रस्ताव केजरीवाल ने ही पेश किया था। उन्होंने कहा कि ईडी और सीबीआई ने सभी भ्रष्ट लोगों को एक पार्टी में ला दिया है।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा, ‘‘सभी चोर, लुटेरे और भ्रष्टाचारी एक ही पार्टी में हैं। भाजपा की सरकार का शासन समाप्त होने के बाद उनके लोग जेल में होंगे, तो देश भ्रष्टाचार मुक्त हो जाएगा। ’’

Advertisement

केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी के विधायकों को सीबीआई और ईडी के छापे मारने की धमकी दी गई और 25 करोड़ रुपये की रिश्वत की पेशकश की गई।

मुख्यमंत्री ने अपने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘ आप में से हर एक व्यक्ति रत्न है। डरिए नहीं। भले ही आप जेल जाओ, मैं आपके परिवार की देखभाल करूंगा। दिल्ली विधानसभा के अंदर हुई घटनाओं ने आज लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संदेश दिया है। ’’

केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विपक्षी दल की सरकारों को काम नहीं करने देती। उन्होंने कहा, ‘‘ हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं, इसलिए हमने भाजपा के विधायकों को बोलने का मौका दिया। हालांकि, वे हमारी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव नहीं ला सके। हमने उन्हें बोलने का मौका दिया। हम आलोचना का स्वागत करते हैं। लेकिन, ये लोग सिर्फ लड़ना और गाली देना जानते हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव तो छोड़िए, दिल्ली में 2050 में भी भाजपा नहीं जीत सकती। ’’

केजरीवाल ने विधानसभा सत्र के बाद संवाददाताओं से कहा कि भाजपा ने घोषणा की थी कि यह अविश्वास प्रस्ताव होगा। उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन, इस तरह के प्रस्ताव को पेश करने के लिए आपको कम से कम 20 फीसदी विधायकों के हस्ताक्षर चाहिए। ऐसा करने के लिए, उन्होंने हमारे विधायकों को डराने और धमकाने की कोशिश की। आम आदमी पार्टी के विधायकों को डरा कर और धमकी देकर नहीं तोड़ा जा सकता। ’’

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ हमारा विश्वास प्रस्ताव प्रचंड बहुमत से जीत गया है। लोगों का हम पर अटूट विश्वास है। हम जनता के लिए काम कर रहे हैं, जो पिछले 75 वर्षों में नहीं हुआ। मैं इस भरोसे के लिए जनता को धन्यवाद देता हूं। हम कर्नाटक में चुनाव लड़ने जा रहे हैं और मुझे उम्मीद है कि हमें अच्छे परिणाम मिलेंगे। ’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: ED, CBI, corrupt people, Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal
OUTLOOK 29 March, 2023
Advertisement