Advertisement
08 July 2022

शिंजो आबे पर जानलेवा हमला, पीएम मोदी ने किया ट्वीट, राष्ट्रपति बाइडेन ने भी जताया दुख

ट्विटर/एएनआई

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर आज जानलेवा हमला हुआ है। इस घटना पर जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनियाभर के तमाम नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।

जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा ने कहा कि यह बर्बर और दुर्भावनापूर्ण है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। हम वो सब कुछ करेंगे जो हम कर सकते हैं... इस समय, डॉक्टर शिंजो आबे को बचाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।

वहीं, व्हाइट हाउस की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे के खिलाफ हिंसक हमले के बारे में सुनकर हम स्तब्ध और दुखी हैं। हम रिपोर्ट की बारीकी से निगरानी कर रहे हैं। हमारे विचार उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, मेरे प्रिय मित्र शिंजो आबे पर हुए हमले से बहुत व्यथित हूं। हमारे विचार और प्रार्थनाएं उनके, उनके परिवार और जापान के लोगों के साथ हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, जापान के पूर्व पीएम शिंजो आबे पर हुए हमले की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। जिन्होंने भारत-जापान संबंधो को गहरा करने अहम भूमिका निभाई है, उनके ठीक होने के लिए प्रार्थना। मेरी संवेदना परिवार के साथ है।

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा कि मेरे दोस्त और जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे पर हुए हमले से मैं काफी दुखी हूं। मेरी प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवारजनों के साथ हैं।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि जापान के पूर्व पीएम पर हमले की खबर पाकर वह काफी दुखी हैं। सिंधिया ने कहा कि उनकी प्रार्थना आबे के परिवार और उनके समर्थकों के साथ हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आबे भारत के सच्चे दोस्त रहे हैं।

बता दें कि शिंजो आबे पर आज जापान के नारा शहर में हमला हुआ था। उस दौरान वह चुनाव प्रचार के लिए वहां थे और भाषण ही दे रहे थे।

बता दें कि जापान में रविवार को उच्च सदन के चुनाव होने हैं। हमलावर को घटनास्थल से ही पकड़ लिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: attack on ex-Japan PM Shinzo Abe, campaign speech, fumio kishida, PM Narendra Modi, White House, Rahul Gandhi, Manmohan singh
OUTLOOK 08 July, 2022
Advertisement