Advertisement
14 November 2021

प्रियंका गांधी का बड़ा एलान; यूपी में अकेले चुनाव लड़ेगी कांग्रेस, किसी पार्टी से गठबंधन नहीं करेंगे

ANI

यूपी विधानसभा के अगले साल होने वाले चुनावों को लेकर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को बड़ा ऐलान किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि हम राज्य में किसी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। हम सारी सीटों पर लड़ेंगे। कांग्रेस अकेले दम पर यूपी में चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाएगी।

यूपी के बुलंदशहर में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने रविवार को पदाधिकारी प्रतिज्ञा सम्मेलन में कहा कि हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मौका देंगे। असली लड़ाई यूपी में कांग्रेस ही लड़ रही है। उन्होंने कहा कि हम यहां पर कांग्रेस को मज़बूत करने आए हैं, क्योंकि कांग्रेस ही इस देश के लिए खड़ी है। उन्होंने यूपीश की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी और विपक्ष पार्टियों एसपी और बीएसपी पर भी जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी ने कहा, कई पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझसे आगामी विधानसभा चुनाव के लिए किसी भी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करने के लिए कहा। मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहती हूं कि हम सभी सीटों पर लड़ेंगे और अकेले लड़ेंगे।

Advertisement

उन्होंने कहा, "नेहरू जी ने कहा था, भारत माता की जय के नारे में किसान, मजदूर, महिला, श्रमिक, सैनिक, एक-एक देशवासी की जय है।  गांधी, नेहरू, पटेल, अंबेडकर जैसे तमाम स्वतंत्रता सेनानियों को आजादी का मतलब मालूम था। उन्हें आजादी की कीमत पता थी. जिन्होंने आजादी के लिए खून पसीना नहीं बहाया, उन्हें आजादी का मतलब समझ नहीं आता। इसीलिए बीजेपी नेतृत्व आजादी का आदर नहीं करता।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस केवल विकास नहीं लाई, भाईचारा भी बढ़ाया है। एक बार फिर करो या मरो का समय आ गया है। आम लोगों का दर्द है कि हमें मंहगाई से मारा जा रहा है। इंसान की पहचान नहीं, केवल वोटबैंक की पहचान है। उन्होंने  कहा कांग्रेस ही इस देश की सच्चाई सामने ला सकती है, कांग्रेस ही लड़ रही है। उन्होंने कहा, "सबसे पहले हमारा लक्ष्य है कि हम अपनी पार्टी को मज़बूत इसलिए करेंगे क्योंकि हमें इस प्रदेश से महंगाई मिटानी है। इस प्रदेश से अराजकता मिटानी है। हमें इस प्रदेश में लोकतंत्र दोबारा स्थापित करना है. जिसके ज़रिए आप सभी के अधिकारी मज़बूत बनेंगे।"

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मेरठ, आगरा और अलीगढ़ मंडल के कांग्रेस नेताओं कार्यकर्ताओं और चुनाव लड़ने के दावेदारों के साथ सीधा संवाद किया। साथ ही, विधानसभा चुनाव की तैयारियों के साथ ही महंगाई के विरोध में कांग्रेस के प्रदेश व्यापी अभियान की शुरुआत भी की। 15 नवंबर को प्रियंका मुरादाबाद, बरेली के पदाधिकारियों से बातचीत करेंगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, elections, UP, Priyanka Gandhi, प्रियंका गांधी, यूपी विधानसभा चुनाव
OUTLOOK 14 November, 2021
Advertisement