Advertisement
16 August 2023

कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए अपने दिल्ली नेतृत्व को किया तैयार, दिया ये मशवरा

file photo

दिल्ली में कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए कमर कस ली है और पार्टी के स्थानीय नेतृत्व ने बुधवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। बैठक में मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से एकजुट रहने और लोगों से जुड़े रहने को कहा।

दिल्ली के पार्टी नेताओं ने लोकसभा चुनावों के लिए अपनी तैयारियों की समीक्षा करने के लिए पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक की और संगठन को मजबूत करने के तरीकों और साधनों पर चर्चा की। बैठक के दौरान मौजूद दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने आम आदमी पार्टी (आप) के साथ संभावित गठबंधन से संबंधित मुद्दों की ओर इशारा किया।

खड़गे ने कहा, "लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आज दिल्ली कांग्रेस के नेताओं के साथ मंत्रणा की गई। दिल्ली कांग्रेस को पुनर्जीवित करना हमारी प्राथमिकता है, जिसमें सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी जरूरी है। हमने दिल्ली को समृद्ध और खुशहाल बनाया था, हमारा संघर्ष दिल्ली के लोगों के लिए यह आगे भी जारी रहेगा।''  दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर फिलहाल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का कब्जा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
OUTLOOK 16 August, 2023
Advertisement