Advertisement
19 September 2022

कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: सोनिया गांधी से मिले शशि थरूर, सियासी अटकलें तेज

ट्विटर/एएनआई

कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी हलचलें और अटकलों का बाजार गर्म है। राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने से मना करने के बाद सवाल उठ रहा है कि आखिर कौन इस पद की जिम्मेदारी संभालेगा और वह कैसे पार्टी को एकजुट करने में कामयाब हो पाएगा। इस बीच, सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की।  इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के कई नेता भी मौजूद थे। बहरहाल, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि उनकी मुलाकात किस परिप्रेक्ष्य में हुई है।

बता दें कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव अगले महीने की 17 तारीख को होने हैं। इस बीच राहुल गांधी ने एक बार फिर संकेत दिया है कि वह अध्यक्ष नहीं बनना चाहते हैं।

शशि थरूर पार्टी में बदलाव की मांग वाली एक याचिका को सार्वजनिक मंजूरी देने के तुरंत बाद आज सोनिया गांधी से मिले। शशि थरूर के बारे में कहा जा रहा है कि वे कांग्रेस अध्यक्ष के पद के लिए होने वाले चुनाव को लड़ने पर विचार कर रहे हैं। दरअसल, तिरुवनंतपुरम के कांग्रेस सांसद ने ट्विटर पर पार्टी के युवा सदस्यों के एक समूह द्वारा बदलाव की मांग करने वाली याचिका का समर्थन किया।

Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को उस ऑनलाइन याचिका की पैरवी की जिसमें ‘पार्टी के युवा सदस्यों ने सुधारों की मांग की और कहा है कि अध्यक्ष पद के हर उम्मीदवार को यह संकल्प लेना चाहिए कि निर्वाचित होने पर वह ‘उदयपुर नवसंकल्प' को पूरी तरह लागू करेगा।'

अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के बारे में विचार कर रहे लोकसभा सदस्य थरूर ने ट्विटर पर यह याचिका साझा की और कहा कि अब तक इस पर 650 से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उस याचिका का स्वागत करता हूं जिसे कांग्रेस के युवा सदस्यों का एक समूह प्रसारित कर रहा है। इसमें पार्टी के भीतर रचनात्मक सुधारों की मांग की गई है। इस पर 650 से अधिक लोगों ने अब तक हस्ताक्षर किए हैं। मैं इसकी पैरवी करके खुश हूं।''

उधर, कांग्रेस महासचिव और झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने भी सोनिया गांधी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि उन्होंने झारखंड के राजनीतिक घटनाक्रम के बारे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सूचित किया।

कुछ सप्ताह पहले, झारखंड के तीन कांग्रेस विधायक पश्चिम बंगाल में कथित तौर पर पैसे के साथ पकड़े गए थे। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा का आरोप है कि झारखंड सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने रविवार को घोषणा की थी कि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव 17 अक्टूबर को होगा। कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किया जाएगा। चुनाव के लिए अधिसूचना 22 सितंबर को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू होगी और 30 सितंबर तक चलेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress MP Shashi Tharoor, Congress interim president Sonia Gandhi, Delhi
OUTLOOK 19 September, 2022
Advertisement