Advertisement
08 March 2021

कांग्रेस ने की गिरिराज सिंह के गिरफ्तारी की मांग, कहा- मोदी के मंत्री को संवैधानिक मर्यादा का भी ज्ञान नहीं

PTI

बिहार कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह के प्रदेश के अधिकारियों को लाठी मारने के दिए गए बयान पर आज कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें संवैधानिक मर्यादा का भी ज्ञान नहीं है। 

युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ललन कुमार ने यहां कहा कि संवैधानिक पद पर रहते हुए गिरिराज सिंह ने जिस तरह का बयान दिया है उसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। संवैधानिक मर्यादा का उन्हें तनिक भी ज्ञान नहीं है। उन्होंने कहा कि इस तरह का बयान देकर मंत्री ने केंद्र की नरेंद्र मोदी और बिहार की नीतीश सरकार को भी चुनौती देने का काम किया है।

ये भी पढ़ें: गिरिराज सिंह के अधिकारियों की पिटाई वाले बयान पर बोले नीतीश कुमार, क्या यह न्यायोचित है

Advertisement

ललन कुमार ने कहा कि सत्ता के नशे में चूर गिरिराज सिंह को लोकतंत्र एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में भी विश्वास नहीं रह गया है। यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह का गैर जिम्मेदाराना बयान दिया है बल्कि कई बार संविधान की मर्यादा को तार-तार किया है। 

उन्होंने कहा कि बावजूद इसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन्हें अपने मंत्रिमंडल में बनाए हुए हैं। उनके बयान से लगता है कि राज्य में कानून का राज समाप्त हो गया है इसलिए अधिकारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। कांग्रेस मांग करती है कि असंवैधानिक बयान देने वाले गिरिराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Congress, Giriraj Singh, Narendra Modi, Does No Even Know Constitutional Decorum, कांग्रेस, गिरिराज सिंह, नरेंद्र मोदी, अधिकारियों को मारो लाठी बयान
OUTLOOK 08 March, 2021
Advertisement