Advertisement
19 August 2022

सिसोदिया के घर सीबीआई के छापे पर सीएम केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया, बोले- दिल्ली के अच्छे कामों को रुकने नहीं देंगे

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के घर पर आज सुबह-सुबह सीबीआई की रेड हुई है। इस बात की जानकारी खुद सिसोदिया ने ट्वीट कर दी। अब इस पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पहली प्रतिक्रिया आई है। केजरीवाल ने कहा कि सीबीआई का स्वागत है। दिल्ली के अच्छे काम रुकने नहीं देंगे।

बता दें कि पिछले कई दिनों से दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल दावा कर रहे थे कि सत्येंद्र जैन के बाद मनीष सिसोदिया पर केंद्र की एजेंसियां कार्रवाई कर सकती हैं।

सीएम केजरीवाल ने ट्वीट किया, ''दिल्ली के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल की पूरी दुनिया चर्चा कर रही है। इसे ये रोकना चाहते हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्रियो पर रेड और गिरफ़्तारी। 75 सालों में जिसने भी अच्छे काम की कोशिश की, उसे रोका गया। इसीलिए भारत पीछे रह गया, दिल्ली के अच्छे कामों को रुकने नहीं देंगे।''

Advertisement

इसके साथ ही केजरीवाल ने लिखा, ''जिस दिन अमेरिका के सबसे बड़े अख़बार NYT के फ़्रंट पेज पर दिल्ली शिक्षा मॉडल की तारीफ़ और मनीष सिसोदिया की तस्वीर छपी, उसी दिन मनीष के घर केंद्र ने सीबीआई भेजी। सीबीआई का स्वागत है। पूरा सहयोग करेंगे। पहले भी कई जाँच/रेड हुईं। कुछ नहीं निकला। अब भी कुछ नहीं निकलेगा।''

इससे पहले मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, ''सीबीआई आई है। उनका स्वागत है, हम कट्टर ईमानदार हैं। लाखों बच्चों का भविष्य बना रहे हैं। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे देश में जो अच्छा काम करता है उसे इसी तरह परेशान किया जाता है। इसीलिए हमारा देश अभी तक नम्बर-1 नहीं बन पाया।'' उन्होंने आगे लिखा, ''ये लोग दिल्ली की शिक्षा और स्वास्थ्य के शानदार काम से परेशान हैं। इसीलिए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षा मंत्री को पकड़ा है ताकि शिक्षा स्वास्थ्य के अच्छे काम रोके जा सकें। हम दोनों के ऊपर झूठे आरोप हैं। कोर्ट में सच सामने आ जाएगा।''

बता दें कि राजधानी दिल्ली में सीबीआई 21 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मनीष सिसोदिया के घर पर भी छापा मारा गया है। सिसोदिया के घर पर छापेमारी आबकारी घोटाले में की जा रही है। उपराज्यपाल ने दिल्ली के मुख्य सचिव की एक रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई जांच की संस्तुति की थी। यह रिपोर्ट 8 जुलाई को एलजी को भेजी गई थी। इस रिपोर्ट में पिछले साल लागू की गई एक्साइज पॉलिसी पर सवाल उठाए गए थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Delhi Excise Policy 2021-22, CBI, Manish Sisodia, AAP, BJP, Arvind Kejriwal
OUTLOOK 19 August, 2022
Advertisement