Advertisement
17 November 2017

गुजरातः भाजपा की पहली सूची में 4 महिलाएं, 5 कांग्रेस के बागी

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 70 उम्मीदवारों की जो पहली सूची जारी की है उसमें चार महिलाओं के नाम हैं। कांग्रेस से आए 5 लोगों को भी टिकट मिला है। 49मौजूदा विधायक हैं। एक निवर्तमान विधायक को टिकट नहीं मिला है। 16 नए चेहरों पर पार्टी ने दांव लगाया है। टिकट पाने वाले 15 उम्मीदवार पाटीदार समाज से हैं।

राज्यसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफा देकर भाजपा में आए राघवजी पटेल को जामनगर ग्रामीण से उम्मीदवार बनाया गया है। राघवजी पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला के करीबी माने जाते हैं। वाघेला ने भी राज्यसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस छोड़कर जन विकल्प मोर्चा का गठन किया था। वे प्रदेश की सभी 182 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने की पहले ही वे घोषणा कर चुके हैं। कांग्रेस से आए अन्य नेताओं में से धर्मेंद्र सिंह जाडेजा को जामनगर उत्तर, सीके राउलजी को गोधरा, मान सिंह चौहान को बालासिनोर और राम सिंह परमार को ठासरा से टिकट मिला है।

मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी की सीट नहीं बदली गई है। रुपाणी राजकोट पश्चिम, नितिन पटेल मेहसाणा और वाघाणी भावनगर पश्चिम से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने वढवाण विधानसभा सीट से अपनी दो बार की विधायक का टिकट काट पाटीदार नेता धनजीभाई पटेल को टिकट दिया है। वडोदरा सीटी से मनीषबेन वकिल, खेडब्रह्मा से रमीलाबेन बारा, भावनगर पूर्व से विभाईवरीबेन दवे और लिंबायत से संगीताबेन पाटिल चुनाव लड़ेंगी।

Advertisement

पहली सूची में शामिल सीटों में से 45 पर पहले चरण में वोट डाले जाएंगे। उल्लेखनीय है कि राज्य की 182 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होंगे। पहले चरण में 89 सीटों पर नौ दिसंबर और दूसरे चरण में 93 सीटों पर 14 दिसंबर को मतदान होगा। 18 दिसंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: गुजरात, भाजपा, उम्‍मीदवार, चुनाव, BJP, candidate, Gujarat, polls
OUTLOOK 17 November, 2017
Advertisement