Advertisement
27 November 2018

अब राहुल गांधी के गोत्र पर गरमाई राजनीति, भाजपा नेताओं ने कसे तंज

twitter

राजस्थान चुनाव के बीच अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के गोत्र को लेकर राजनीति गरम हो गई है। दरअसल, राहुल गांधी को पुष्कर के सरोवर घाट पर पूजा करवाने वाले एक पुजारी ने सोमवार को दावा किया कि राहुल की गोत्र दत्तात्रेय है और वह कश्मीरी ब्राह्मण हैं। पुजारी के इस बयान के बाद भाजपा के नेताओं ने राहुल पर तंज कसना शुरू कर दिया है।

भाजपा के प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने राहुल गांधी के खुद को कश्मीरी ब्राह्मण बताने पर चुटकी ली। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी का जो भी गोत्र बताया जा रहा है, लेकिन हम तो यह जानते हैं कि वह दिवंगत फिरोज गांधी के पोते हैं और फिरोज गांधी कश्मीरी पंडित नहीं थे।"

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस दौरान चुनाव प्रचार के सिलसिले में राजस्थान में ही थे। उन्होंने राहुल के अपने गोत्र सार्वजनिक करने को भाजपा की जीत बताया।

Advertisement

योगी ने कहा, "कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा जनेऊ दिखाकर सनातनी हिन्दू दिखाने का प्रयास करना ही हमारी वैचारिक विजय है। राहुल के परदादा कहते थे कि मैं एक्सीडेंटली हिंदू हूं। कांग्रेस कहती रही है कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमानों का है। अगर ऐसा है तो हिंदू कहां जाएंगे?"

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष को पुष्कर के सरोवर घाट पर पूजा करवाने वाले एक पुजारी पुजारी दीनानाथ कौल ने संवाददाताओं को बताया कि उनके पास इस परिवार का पूरा रिकार्ड पोथी में दर्ज है। इसमें इस परिवार की वंशावली है। पुजारी के अनुसार उनके पूर्वजों ने ही मोती लाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू व इस परिवार के अन्य सदस्यों को यहां पूजा करवाई थी।

पुजारी ने कहा, ‘‘इनका गोत्र दत्तात्रेय हैं और वह कश्मीरी ब्राह्मण हैं। मोती लाल नेहरू, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, संजय गांधी, मेनका गांधी व सोनिया गांधी ने घाट पर आकर पूजा की इसका रिकार्ड (पोथी) हमारे पास है।’’

पुजारी के अनुसार उन्होंने पूजा करने आए राहुल गांधी से उनका नाम व गोत्र पूछा तो ‘‘उन्होंने दत्तात्रेय गोत्र बताया। दत्तात्रेय कौल होते हैं जो कश्मीरी ब्राह्मण होते हैं।’’

पुजारी ने वह दस्तावेज भी दिखाए जिनमें पुष्कर सरोवर में पूजा करने वाले राहुल के पूर्वजों के नाम दर्ज थे। चुनावी यात्रा पर राजस्थान आए राहुल इससे पहले अजमेर दरगाह भी गए और उन्होंने पोकरण, जालोर व जोधपुर में जनसभा की।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP leaders, congress president rahul Gandhi, gotra, Dattatreya
OUTLOOK 27 November, 2018
Advertisement