Advertisement
02 April 2018

कर्नाटक में पैसे के बल पर मतदाताओं को लुभा रही है भाजपाः कांग्रेस

अमित शाह (बाएं), अभिषेक मनु सिंघवी (दाएं)

कांग्रेस ने भाजपा पर कर्नाटक में मतदाताओं का प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग से इसकी शिकायत की है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा सत्ता पाने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर वोटों को खरीदना चाहती है और मृत लोगों पर भी राजनीति कर रही है। कांग्रेस ने आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने और आचार संहिता के उल्लंघन पर कार्रवाई करने की मांग की है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद अभिषेक मनु सिंघवी, जयवीर शेरगिल, वरुण चोपड़ा की ओर से दी शिकायत में कहा है कि कर्नाटक में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और बी एस येदुरिप्पा चेकों का वितरण कर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं जो सीधे तौर पर आचार संहिता का उल्लंघन है। धन बल के जरिए वोटों को खरीदना चाहते हैं लेकिन कर्नाटक के लोग बिक्री के लिए नहीं है और उनका यह तरीका काम आने वाला नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पैसे के बल वोट खरीदने की कोशिश करना भारतीय दंड संहिता की धारा 171 बी के तहत अपराध है और आचार संहिता का उल्लंघन है। खुद भाजपा अध्यक्ष ने येदुरिप्पा को सबसे भ्रष्ट नेता बताया है जो सीधे तौर पर शर्मनाक है। सत्ता पाने की कोशिश में भाजपा इस हद तक नीचे गिर गई है कि मतदाताओं को लुभाने के लिए हर हथकंडा अपना रही है। अमित शाह मृत लोगों को भी राजनैतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। राजू की मौत के डेढ़ साल बाद अमित शाह उसके परिजनों से मिले। इतने समय बाद उन्हें उनकी याद कैसे आ गई। कर्नाटक में कई दौरे उन्होंने किए लेकिन तब उन्हें राजू की मौत की याद नहीं आई। लोकतंत्र की आस्था को बनाए रखने के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराए जाने चाहिए। आयोग मामले में हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई करे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: BJP, Congress, karnataka, votes, influence
OUTLOOK 02 April, 2018
Advertisement