Advertisement
21 September 2024

आतिशी आज शाम 4:30 बजे लेंगी दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ: आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी की नेता आतिशी का दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को यानी आज शाम 4:30 बजे राज निवास में होगा और साथ ही और उनका मंत्रिपरिषद भी शपथ ग्रहण करेगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उपराज्यपाल कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आतिशी को शपथ ग्रहण की तिथि से दिल्ली का मुख्यमंत्री नियुक्त किया है और अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति ने पांच मंत्रियों की नियुक्ति को भी मंजूरी दे दी है और शपथ ग्रहण समारोह राज निवास में शाम 4:30 बजे होगा। आप के एक नेता के अनुसार समारोह के सादे ढंग से आयोजित होने की संभावना है।

Advertisement

इस सप्ताह की शुरुआत में आप विधायकों की बैठक हुई और सर्वसम्मति से आतिशी को सत्तारूढ़ विधायक दल का नेता चुना गया। आप द्वारा घोषित नए मंत्रिपरिषद में गोपाल राय, कैलाश गहलोत, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन और सुल्तानपुर माजरा से पहली बार विधायक बने मुकेश अहलावत शामिल होंगे। राय, गहलोत, भारद्वाज और हुसैन निवर्तमान केजरीवाल सरकार में मंत्री हैं।

आतिशी सरकार का कार्यकाल संक्षिप्त होगा क्योंकि दिल्ली में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।

 

 
अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Atishi, Oath, Chief Minister of Delhi, 4:30 pm today, Aam Aadmi Party
OUTLOOK 21 September, 2024
Advertisement