Advertisement
27 March 2018

खत्म हुई कांग्रेस की तलाश, अमित चावड़ा बने गुजरात प्रदेश अध्यक्ष

File Photo

कांग्रेस पार्टी ने अमित चावड़ा को गुजरात कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। अमित चावड़ा इस समय आणंद जिले की अंकलाव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक हैं। इससे पहले भरत सिंह सोलंकी प्रदेश पार्टी अध्यक्ष का कार्यभार संभाल रहे थे।

2019 के लोकसभा चुनाव में नेतृत्व करने वाले नए प्रदेश प्रमुख की तलाश पार्टी में पहले भी चल रही थी। हालाकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इस पद के लिए दावेदारी जता चुके थे। इसके साथ ही पिछले एक सप्ताह से नए अध्यक्ष को लेकर बनी असमंजस की स्थिति खत्म हो गई है।

साल 2012 के विधानसभा चुनावों में चावड़ा ने अंकलाव से जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2007 में हुए विधानसभा चुनाव में भी चावड़ा ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। इससे पहले 2007 में अमित चावड़ा बोरसद विधानसभा से कांग्रेस के विधायक थे।  अमित चावड़ा गुजरात कांग्रेस के निर्वतमान अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी के कजिन हैं।

Advertisement

कांग्रेस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि - 'कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अमित छावड़ा को भरत सिन्ह सोलंकी की जगह गुजरात कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है।' कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी जनार्दन द्विवेदी के हस्ताक्षर से जारी हुई विज्ञप्ति में कहा गया है कि पार्टी  'गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर रहते हुए भरत सिन्ह सोलंकी के योगदान के लिए उनका शुक्रिया अदा करती है।'  

बता दें कि पिछले हफ्ते दिल्ली में कांग्रेस के 84वें अधिवेशन के समापन के एक दिन बाद ही गुजरात में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जानकारी के मुताबिक, सोलंकी गुजरात की राज्यसभा सीटों पर पार्टी की ओर से प्रत्याशी न बनाए जाने से नाराज थे। भरत सिंह सोलंकी 19 मार्च को को सुबह ही राज्यसभा के लिए चुने गए नवनिर्वाचित सांसदों नारानभाई राठवा और अमि याज्ञनिक के साथ राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे और इस बैठक के बाद ही सोलंकी ने राहुल गांधी को प्रदेश अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंपा था।  गुजरात में कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी राज्य में कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक माने जाते हैं। गुजरात के पूर्व सीएम माधव सिंह सोलंकी के पुत्र भरत सोलंकी पूर्व में यूपीए की सरकार के दौरान ऊर्जा राज्यमंत्री भी रह चुके हैं।

विधानसभा चुनाव में जीत के करीब पहुंचकर कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। इस हार की वह कई बार समीक्षा कर चुकी है, लेकिन आगे के लिए सख्त फैसला नहीं कर पाई। प्रदेश अध्यक्ष भरतसिंह सोलंकी कांग्रेस महाधिवेशन के बाद अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बात यह अटकलें तेज हो गई थी कि प्रदेश कांग्रेस में बड़ा बदलाव हो सकता है। नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर, विधायक अल्पेश ठाकोर, वरिष्ठ नेता और विधायक कुंवरजी बावलिया का नाम भी चर्चा में था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Amit Chavda, Gujrat, congress, Bharat Solanki
OUTLOOK 27 March, 2018
Advertisement