Advertisement
17 May 2020

बॉर्डर पर खड़ी हैं बसें, यूपी में प्रवेश की इजाजत दे योगी सरकारः प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कांग्रेस की बसों के लिए उत्तर प्रदेश में प्रवेश की मांग की है। प्रियंका गांधी के मुताबिक, इन बसों में सैकड़ों की संख्या में प्रवासी मजदूर हैं, जो अपने घर वापस आना चाहते हैं।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'हमारी बसें बॉर्डर पर खड़ी हैं। हजारों की संख्या में राष्ट्र निर्माता श्रमिक और प्रवासी भाई-बहन धूप में पैदल चल रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ अनुमति दीजिए। हमें अपने भाइयों और बहनों की मदद करने दीजिए।'

बॉर्डर पर रुकी हैं 500 बसें

Advertisement

कांग्रेस पार्टी के मुताबिक भरतपुर और अलवर से 500 बसें यूपी रवाना होने को तैयार हैं। यूपी के बहज गोबर्धन बॉर्डर पर पहुंच चुकी बसें एंट्री की इजाजत मिलने का इंतजार कर रही हैं। इन बसों में यूपी के प्रवासी मजदूर सवार हैं।

प्रियंका ने लिखा था योगी को पत्र

इससे पहले, प्रियंका गांधी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर बसें चलाने के लिए कांग्रेस को अनुमति देने की मांग की थी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सरकार श्रमिकों को मदद करने के लिए हमें एक हजार बसों को चलाने की अनुमति दे। प्रियंका गांधी ने कहा है कि प्रवासी मजदूरों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाने के लिए कांग्रेस अपने स्तर से बसें चलाना चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह मांग की है कि सरकार कांग्रेस को 1000 बसों के परिचालन की अनुमति दें। बस का पूरा खर्च कांग्रेस पार्टी उठाएगी। गांधी ने कहा है कि मजदूर राष्ट्र के निर्माता हैं। इनको इस तरह से नहीं छोड़ा जा सकता।

ओछी राजनीति कर रहीं प्रियंका: सिद्धार्थ नाथ

उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ काबीना मंत्री और प्रवक्ता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर प्रवासी कामगारों के मुद्दे का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह ओछी सियासत कर रही हैं।
सिंह ने एक बयान में कहा "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस पार्टी प्रवासी श्रमिकों के मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। प्रियंका उत्तर प्रदेश की सीमा पर बसें भेजने की बात कर रही हैं। इससे जाहिर होता है कि उन्हें वस्तुस्थिति की जानकारी ही नहीं है और वह केवल ओछी राजनीति कर रही हैं।" सिंह ने कहा,‘‘प्रवासी कामगार उत्तर प्रदेश से नहीं बल्कि पंजाब, महाराष्ट्र और राजस्थान जैसे राज्यों से आ रहे हैं। इन राज्यों में या तो कांग्रेस की सरकार है या फिर उनके गठबंधन की सरकार। अगर प्रियंका को स्थिति की जानकारी होती तो वह उन राज्यों में बसें उपलब्ध कराने को कहतीं लेकिन दुर्भाग्य की बात है कि वह अपने ही मुख्यमंत्रियों से यह बात नहीं कह पा रही हैं और उत्तर प्रदेश सरकार पर उंगली उठा रही हैं। यह उनकी नासमझी को जाहिर करता है।’’ मंत्री ने कहा कि योगी सरकार ने 400 रेलगाड़ियों और 11000 बसों का इंतजाम करके अन्य राज्यों से प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचवाया है।


अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: 500 Buses, Migrants, Rajasthan, Stuck At UP Border, Congress, Yogi government, Nod
OUTLOOK 17 May, 2020
Advertisement