Advertisement
11 March 2017

उप्र-उत्तराखंड में भाजपा शानदार जीत की ओर, पंजाब में कांग्रेस आगे

google

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में मतों की गिनती जारी है और शुरूआती पांच घंटों में उपलब्ध परिणाम तथा रूझान के अनुसार उत्तर प्रदेश में 403 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 296 पर आगे चल रही है और पार्टी नेताओं ने इसे मोदी लहर का प्रताप बताया है। प्रदेश में पार्टी ने किसी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित नहीं किया था।

भाजपा अपने सहयोगी दलों अपना दल : सोनेलाल पटेल : और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी :एसबीएसपी: के साथ 305 सीटों पर आगे चल रही है।

प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के बारे में पार्टी नेताओं ने कहा है कि इसका फैसला भाजपा संसदीय बोर्ड तथा राज्य में विधायी दल द्वारा जल्द ही किया जाएगा।

Advertisement

उत्तर प्रदेश की निवर्तमान विधानसभा में केवल 47 सीटें रखने वाली भाजपा ने 40 फीसदी मत हासिल करने में सफलता पायी। इन विधानसभा चुनावों को एक प्रकार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता और नोटबंदी के उनके फैसले पर जनमत संग्रह के रूप में देखा जा रहा था। पार्टी ने इस चुनाव में किसी मुस्लिम को टिकट नहीं दिया था।

प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन 64 सीटों पर आगे है जबकि मायावती की बसपा केवल 20 स्थानों पर आगे चल रही है। विकास के एजेंडे पर चुनाव प्रचार को केंद्रित करने वाले मुख्यमंत्री अखिलेश की पार्टी सपा 55 सीटों पर आगे है।

उत्तर प्रदेश में पार्टी कार्यालयों में जश्न के माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा,  यह एक बड़ी जीत है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भाजपा नयी उंचाइयों पर पहुंच गयी है और देश की राजनीतिक कहानी बदल दी है। एक अन्य पार्टी नेता ने कहा कि होली एक दिन पहले ही आ गयी।

इससे पूर्व उत्तर प्रदेश में 1991 में पार्टी ने राम जन्म भूमि आंदोलन पर सवार होकर अच्छा प्रदर्शन किया था और अविभाजित राज्य की 425 सीटों में से 221 सीटों पर जीत हासिल की थी।

कथित सामूहिक बलात्कार मामले और एक नाबालिग से बलात्कार के प्रयास के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद दागी मंत्री गायत्री प्रजापति अमेठी में पीछे चल रहे हैं। वह इस समय फरार हैं।

प्रजापति को भाजपा की उम्मीदवार और कांग्रेस नेता संजय सिंह की पहली पत्नी गरिमा सिंह और उनकी मौजूदा पत्नी कांग्रेस की अमिता सिंह के खिलाफ मैदान में उतारा गया था। प्रजापति गरिमा सिंह से पीछे चल रहे हैं। अमिता सिंह भी पिछड़ रही हैं। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह नोएडा सीट पर काफी मतों से आगे चल रहे हैं।

रूझानों से पता चलता है कि मुजफ्फरनगर दंगों में मुकदमे का सामना करने वाले भाजपा के संगीत सोम सरधना सीट पर आगे चल रहे हैं। उत्तराखंड की 70 विधानसभा सीटों के रूझानों के अनुसार राज्य में भाजपा 56 सीटों पर आगे चल रही है तो वहीं कांग्रेस केवल 10 सीटों पर बढ़त लिए हुए है। मुख्यमंत्री हरीश रावत हरिद्वार ग्रामीण सीट भाजपा के यतिश्वरानंद से 12 हजार मतों से हार गए हैं।

पंजाब में कांग्रेस 16 सीटें जीत गयी है और कुल 117 निर्वाचन क्षेत्रों में से 60 पर आगे चल रही है। जबकि दूसरे स्थान के लिए प्रदेश विधानसभा में खाता खोलने के प्रयास में लगी आप छह सीटें जीत कर और 16 पर आगे चलते हुए दूसरे स्थान पर है।

शिरोमणि अकाली दल की करारी हार हुई है। पार्टी केवल एक सीट जीती है और 13 पर आगे चल रही है जबकि उसकी गठबंधन सहयोगी भाजपा तीन सीटों पर आगे है। प्रदेश में मुख्यमंत्री पद का चेहरा और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिन्दर सिंह ने जीत के लिए जनता का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि विधायक दल का नेता चुनने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार को होगी। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: भाजपा, चुनाव, पंजाब, यूपी, कांग्रेस, परिणाम, election, result, bjp, Punjab, up, congress
OUTLOOK 11 March, 2017
Advertisement