Advertisement
10 February 2017

अवसरवादी है सपा-कांग्रेस गठबंधन : राजनाथ

google

सिंह ने लखनऊ में संवाददाता सम्मेलन में दावा किया कि प्रदेश की जनता ने भाजपा को सशक्त विकल्प मान लिया है और प्रदेश विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस का गठबंधन अवसरवादी गठजोड़ है। यह हताशा में किया गया गठबंधन है, क्योंकि ये दोनों ही पार्टियां कमजोर हैं। सपा ने स्वीकार कर लिया है कि वह कमजोर हो चुकी है, इसी लिए उसने स्मृति लोप से ग्रस्त उस कांग्रेस से गठबंधन कर लिया, जिसकी सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव हमेशा मुखालफत करते रहे।

सिंह ने कहा कि जहां तक बसपा का सवाल है तो वह हारी हुई लड़ाई लड़ रही है। उसकी हताशा का आलम यह है कि उसकी मुखिया मायावती चुनाव में सांप्रदायिक आधार पर वोट मांग रही हैं। वह विभाजन की राजनीति कर रही हैं। लोकतंत्र में जाति या मजहब के आधार पर वोट की अपील नहीं की जानी चाहिए।

राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत के पास अनेकता में एकता की शक्ति है। इतने बड़े देश को जाति या मजहब के आधार पर नहीं चलाया जा सकता। भाजपा ने देश के इस चरित्र को देखते हुए सबका साथ, सबका विकास का नारा दिया है। भाजपा समाज को बांटकर राजनीति नहीं कर सकती। गृह मंत्री ने कहा कि नोटबंदी का मुश्किल फैसला किसी तरह का राजनीतिक लाभ लेने के लिए नहीं, बल्कि राजहित में लिया गया था। भाजपा चुनाव को नहीं, बल्कि भविष्य को देख रही थी।

Advertisement

सिंह ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में विकास और सुशासन नाम की कोई चीज नहीं रह गई है। प्रदेश में रोजाना 13 हत्या, 11 लूट तथा नौ बलात्कार की घटनाएं होती हैं। राज्य सरकार से लखनऊ के कारोबारी श्रवण साहू तथा उनके बेटे की हत्या की सीबीआई जांच कराने की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर वह इस मामले की सीबीआई से जांच कराएगी। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: राजनाथ, गृह मंत्री, अवसरवादी, सपा, कांग्रेस, गठबंधन
OUTLOOK 10 February, 2017
Advertisement