Advertisement
06 May 2019

सोनिया, राहुल, राजनाथ समेत कई दिग्गज मैदान में, इन अहम सीटों पर आज घमासान

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में सात राज्यों में 51 सीटों के लिए मतदान जारी है। केन्द्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, यूपीए प्रमुख सोनिया गांधी, कांग्रेस राहुल गांधी और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित 674 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला आज के चुनावों में करीब नौ करोड़ मतदाता करेंगे।

इस चरण में ये बड़े दिग्गज मैदान में हैं-

सोनिया गांधी: यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी अपनी परंपरागत रायबेरली लोकसभा सीट से मैदान में हैं। इस सीट से वे तीन बार सांसद रह चुकी हैं। सोनिया से पहले इस सीट से दो बार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और एक बार फिरोज गांधी भी संसद चुने गए। सोनिया के खिलाफ बीजेपी ने दिनेश प्रताप सिंह को उतारा है। सपा-बसपा गठबंधन ने कांग्रेस को समर्थन दिया और इस सीट से अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारा।

Advertisement

राहुल गांधी: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अमेठी और वायनाड से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने अमेठी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को फिर से टिकट दिया है। स्मृति 2014 में चुनाव हार गई थीं। इस सीट से भी सपा-बसपा गठबंधन ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा।

राजनाथ सिंह: केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह फिर एक बार बीजेपी का गढ़ कही जाने वाली लखनऊ सीट से मैदान में उतरे हैं। वे 2014 में भी इस सीट से चुनाव जीते थे। इस सीट से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 5 बार सांसद चुने गए थे। समाजवादी पार्टी ने लखनऊ से शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा और कांग्रेस ने प्रमोद कृष्णम को उतारा है।

राजीव प्रताप रूडी: बिहार की सारण लोकसभा सीट से भाजपा ने केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी को मैदान में उतारा है। दूसरी ओर राज्य के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू यादव के समधी चंद्रिका राय (राजद) पहली बार लोकसभा पहुंचने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, लालू के बेटे तेजप्रताप यादव इसके खिलाफ थे, वे अपनी पार्टी के उम्मीदवार और ससुर के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं।

राज्‍यवर्धन सिंह राठौर: भाजपा ने जयपुर ग्रामीण सीट से केंद्रीय मंत्री और ओलिम्पिक पदक विजेता कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को फिर से मैदान में उतारा है। उनका मुकाबला कांग्रेस की सादुलपुर से विधायक कृष्णा पूनिया से है। कृष्णा ने राष्ट्रमंडल खेल 2010 में डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।

जितिन प्रसाद: जितिन प्रसाद धौरहरा संसदीय सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। इस सीट से भाजपा ने रेखा वर्मा को उतारा है। जबकि बसपा से अरशद अहमद सिद्दीकी मैदान में हैं। यहां 2014 में भाजपा की रेखा वर्मा ने जीत हासिल की थी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lok sabha elections, Fifth phase, Many veterans, Rahul, Sonia, Rajnath, competing
OUTLOOK 06 May, 2019
Advertisement