Advertisement
11 April 2019

लोकसभा चुनाव 2019: यूपी में 59.77 फीसदी तो बिहार में 50.2 फीसदी मतदान

Outlook

लोकसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कई जगहों पर समाप्त हो चुका है। पहले चरण में 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 सीटों पर वोट डाले गए और कई जगहों पर मतदान जारी है। शाम पांच बजे तक बिहार में 50.2 फीसदी, तेलंगाना में 60.57 फीसदी, मेघालय में 62 फीसदी, उत्तर प्रदेश में 59.77 फीसदी, मणिपुर में 78.20 फीसदी, लक्षद्वीप पर 65.9 फीसदी और असम में 68 फीसदी वोटिंग हुई।

इसके अलावा शाम 5 बजे तक अंडमान निकोबार की एक सीट पर 70.67 फीसदी, आंध्र प्रदेश की 25 सीटों पर 66 फीसदी, छत्तीसगढ़ की एक सीट पर 56 फीसदी, तेलंगाना की 17 सीटों पर 60 फीसदी, उत्तराखंड की 5 सीटों पर 57.85 फीसदी, जम्मू-कश्मीर की दो सीटों पर 54.49 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

पश्चिमी यूपी में मतदान

Advertisement

पश्चिमी यूपी की आठ सीटों पर भी नजर रही। यहां सहारनपुर में 70.68 फीसदी, कैराना में 62.10 फीसदी, मुजफ्फरनगर में 66.66 फीसदी, बिजनौर में 65.40 फीसदी, मेरठ में 63 फीसदी, बागपत में 63.90 फीसदी, गाजियाबाद में 57.60 फीसदी, गौतम बुद्ध नगर में 60.15 फीसदी वोटिंग हुई। 

ईवीएम में शिकायतें

इस दौरान कई पोलिंग बूथ पर ईवीएम खराबी की शिकायतें भी आईं। आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत के साथ चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा। पहले चरण में कुल 1279 उम्मीदवार मैदान में हैं। 14 करोड़ 20 लाख 54 हजार 978 मतदाता हैं। इनमें 7 करोड़ 21 लाख पुरुष मतदाता, 6 करोड़ 98 लाख महिला मतदाता हैं। इनके लिए 1.70 लाख मतदान केंद्र बनाए गए।

कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर

पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। आज केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं की किस्मत ईवीएम  में कैद हो गई। वहीं रालोद के अजित सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालियान से है, जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से उम्मीदवार हैं। 

इन राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव

लोकसभा चुनाव के पहले चरण के साथ आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा में विधानसभा चुनाव भी हुए। इस दौरान आंध्र प्रदेश की 175 विधानसभा सीटों, सिक्किम की 32 और ओडिशा की 28 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। आंध्र प्रदेश से अलग होकर 2014 में तेलंगाना राज्य की स्थापना होने के बाद आंध्र प्रदेश में पहली बार विधानसभा चुनाव हुआ। राज्य की सभी 25 लोकसभा और 175 विधानसभा सीटों पर पहले चरण में गुरुवार को ही मतदान संपन्न हुआ।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Lok sabha elections 2019, voting, first phase, LIVE UPDATES, BJP, CONGRESS, RAHUL, MODI
OUTLOOK 11 April, 2019
Advertisement