Advertisement
24 December 2019

रांची में झामुमो विधायक दल की बैठक आज, 27 दिसंबर को शपथ ले सकते हैं हेमंत सोरेन

झारखंड में भारी जीत हासिल करने के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। इससे पहले शिबू सोरेन के घर पर मंगलवार को जेएमएम विधायक दल की बैठक होगी, दोपहर 12 बजे होने वाली इस बैठक में हेमंत सोरेन को विधायक दल का नेता चुना जाएगा। गौरतलब है कि 81 सीटों वाली झारखंड विधानसभा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेतृत्व में महागठबंधन ने 47 सीटें जीत कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया है। सत्ताधारी भाजपा के मुख्यमंत्री रघुबर दास और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की हार के साथ भाजपा को सिर्फ 25 सीटें हासिल हुई।

चुनाव आयोग ने सोमवार रात तक राज्य की सभी 81 सीटों के परिणाम घोषित कर दिये, और राज्य में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व में बने झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन ने 47 सीटें जीत कर स्पष्ट बहुमत प्राप्त कर लिया। झामुमो नेता हेमंत सोरेन ने 27 दिसंबर को मोरहाबादी मैदान में नई सरकार के शपथग्रहण की घोषणा की है।

इन चुनावों में झामुमो ने रिकार्ड 30 सीटें जीतीं जिससे वह विधानसभा में सबसे बड़ा दल भी बन गया। वहीं भाजपा केवल 25 सीटें ही हासिल कर पाई। गठबंधन में झामुमो को जहां 30 सीटें हासिल हुईं वहीं कांग्रेस को भी 16 और राजद को एक सीट पर जीत मिली है।

Advertisement

दुमका और बरहेट दोनों सीटों से हेमंत सोरेन की शानदार जीत के बाद उनके छोटे भाई बसंत सोरेन ने मंगलवार को कहा कि झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन दो-तीन दिनों में सरकार बनाएगा। बसंत ने यहां संवाददाताओं से कहा, "जैसा कि लोगों का जनादेश हमारे साथ है, हम 2-3 दिनों में सरकार बना रहे हैं।" यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार महाराष्ट्र के समान विपक्षी गठबंधन द्वारा बनाई जाएगी, उन्होंने कहा: "महाराष्ट्र का परिदृश्य यहां से बिल्कुल अलग था।"

दोनों सीटों पर सोरेन की जीत

हेमंत सोरेन ने दुमका सीट से और बरहेट विधानसभा क्षेत्र से क्रमशः 13,718 मतों और 25,740 मतों से जीत हासिल की। कांग्रेस-झामुमो-राजद गठबंधन के संभावित मुख्यमंत्री उम्मीदवार ने बरहेट सीट से भाजपा के साइमन मालतो को हराया है, जबकि दुमका सीट पर उन्होंने एक बार फिर से भाजपा के उम्मीदवार लुईस मरांडी को हराया।

मील का पत्थर साबित होगा जनादेश: सोरेन

नतीजों के बाद हेमंत सोरेन ने कहा, ‘‘आज हमारे लिए जनता की सेवा के लिए संकल्प का दिन है।’’  उन्होंने कहा, ‘राज्य में जो परिणाम आए हैं, वे हम सभी के लिए उत्साहजनक हैं। जनता का जनादेश स्पष्ट है। आज आया जनादेश झारखंड के इतिहास में नया अध्याय साबित होगा। यह यहां मील का पत्थर साबित होगा।’’ हेमंत ने अपने पिता शिबू सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और लालू यादव का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि आज के परिणाम सभी के परिश्रम का परिणाम हैं।

अपनी सीट भी गंवा बैठे रघुवर

मुख्यमंत्री रघुवर दास के लिए इस बार की हार डबल झटका है, क्योंकि उनके हाथ से सत्ता भी चली गई और वह अपनी सीट भी नहीं जीत पाए। रघुवर दास को उनके ही साथी रहे सरयू राय ने हरवाया। भाजपा की ओर से लोकल मुद्दे और पार्टी में कुछ गड़बड़ को हार का जिम्मेदार बताया गया है। रघुवर दास ने देर शाम राजभवन जाकर राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। इससे पहले, रघुवर दास ने ट्वीट कर कहा, 'झारखंड की जनता के जनादेश को नमन। झारखंड के विकास के लिए सदैव काम करता रहूंगा, यही मेरा संकल्प है। सभी मतदाताओं और कार्यकर्ता साथियों का आभार।'

रघुबर दास के अलावा उनके तीन मंत्री भी हारे

रघुबर दास के अलावा उनके मंत्रिमंडल के जल संसाधन मंत्री आजसू के रामचंद्र सहिस, दुमका से कल्याण मंत्री लुईस मरांडी और मधुपुर से श्रम मंत्री राज पलिवार को इन चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा।

झारखंड के जनादेश का भाजपा सम्मान करती है: अमित शाह

गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड विधानसभा चुनाव के जनादेश का सम्मान करते हुये पार्टी के प्रतिद्वंद्वी गठबंधन से मिली पराजय को स्वीकार करती है। शाह ने ट्वीट कर कहा, ‘‘हम झारखंड की जनता द्वारा दिये गये जनादेश का सम्मान करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा को 5 वर्षों तक प्रदेश की सेवा करने का जो मौका दिया था उसके लिए हम जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। भाजपा निरंतर प्रदेश के विकास के लिए कटिबद्ध रहेगी।’’ शाह ने चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं के परिश्रम की भी सराहना करते हुये कहा, ‘‘सभी कार्यकर्ताओं का उनके अथक परिश्रम के लिए अभिनंदन।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: jMM-led alliance, form govt, legislative party meeting, cm hemant soren
OUTLOOK 24 December, 2019
Advertisement