Advertisement
19 October 2019

थम गया महाराष्ट्र-हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार, 21 अक्टूबर को होगा मतदान

File Photo

हरियाणा-महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव और यूपी के 11, हिमाचल प्रदेश के दो सीटों पर उपचुनावों के लिए शनिवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। महाराष्ट्र में विधानसभा की 288 जबकि हरियाणा में 90 सीटें हैं। इसके अलावा देश के अलग-अलग राज्यों में 64 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी है।

21 अक्टूबर को मतदान

21 अक्टूबर को मतदान है। यूपी विधानसभा की 11 सीटों पर उपचुनाव के लिए 110 उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश में सहानपुर की गंगोह, रामपुर जिले की रामपुर, अलीगढ़ की इगलास, लखनऊ की कैंट, कानपुर नगर की गोविंद नगर, चित्रकूट की मानिकपुर, प्रतापगढ़ की प्रतापगढ़, बाराबंकी की जैदपुर, आंबेडकर नगर की जलालपुर, बहराइच की बलहा और मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है।

Advertisement

भाजपा नेताओं ने जमकर किया चुनाव प्रचार

भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, महामंत्री संगठन सुनील बंसल और प्रदेश सरकार के मंत्रियों ने चुनावी सभाएं और बैठकें की हैं। वहीं, कांग्रेस के लिए प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और सपा के लिए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल सहित अन्य नेताओं ने भी प्रचार किया।

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 126 के तहत मतदान की समाप्ति के लिए नियत किए गए समय के साथ समाप्त होने वाले 48 घंटों की समयावधि के दौरान किसी भी तरह का प्रचार-प्रसार बंद हो जाता है।

हिमाचल के धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्रों में 21 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव से पहले शनिवार को चुनावी शोर थम जाएगा। रविवार को प्रत्याशी और कार्यकर्ता डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे। प्रचार के बंद होने के बाद जिले से बाहर के नेता तत्काल जिला छोड़ देंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Assembly election, campaign, will end, today, voting, will be held, October 21
OUTLOOK 19 October, 2019
Advertisement