Advertisement
01 June 2019

हम विपक्ष के नेता के लिए दावा नहीं करेंगे: कांग्रेस

ANI

कांग्रेस संसदीय दल की बैठक के बाद कांग्रेस ने कहा है कि वह विपक्ष के नेता के लिए संसद में दावा नहीं करेगी। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि जब तक हमारे पास 54 लोगों की संख्या नहीं होगी हम इसके लिए दावा नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा, 'यह तथ्य है कि यह संख्या सदन की संख्या का दस प्रतिशत है। चूंकि हम दो सांसद कम हैं, हमारे पास विपक्ष का नेता नहीं हो सकता। फिर भी सरकार के पाले में गेंद है कि वे सैद्धांतिक तौर पर किसी पार्टी को विपक्ष नियुक्त करते हैं या नहीं।'

सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया

Advertisement

इससे पहले बैठक में सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुना गया है। नेता चुने जाने के बाद लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को वोट करने वाले 12.13 करोड़ मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया। इससे पहले भी सोनिया यह भूमिका निभा रही थीं। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं में जान फूंकते हुए उन्हें आक्रामक और मजबूत बने रहने के लिए कहा। साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि हम 52 सांसद ही बीजेपी से लड़ने के लिए काफी हैं।

सोनिया गांधी ने प्रकट किया मतदाताओं का आभार

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के मुताबिक, नेता चुने जाने के बाद सोनिया ने देश के उन 12.13 करोड़ मतदाताओं का आभार प्रकट किया जिन्होंने इस लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने सोनिया गांधी को सीपीपी प्रमुख के रूप में चुनने का प्रस्ताव दिया, जिसे सभी ने स्वीकार कर लिया। सोनिया गांधी को विपक्ष नेता, मुख्य सचेतक और उनके प्रतिनियुक्ति की नियुक्ति के लिए अधिकृत किया गया है।

ये 52 सांसद हर एक इंच भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे: राहुल गांधी

सुरजेवाला ने एक और ट्वीट में कहा, 'श्री राहुल गांधी ने मतदाताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, प्रत्येक कांग्रेस सदस्य को यह याद रखना चाहिए कि आप में से प्रत्येक संविधान के लिए लड़ रहा है। आप देश के हर व्यक्ति के लिए लड़ रहे हैं चाहे वह किसी भी रंग या आस्था का हो।' उन्होंने कहा कि हम 52 सांसद हैं। मैं आपको गारंटी देता हूं कि ये 52 सांसद हर एक इंच भाजपा के खिलाफ लड़ेंगे। हम हर रोज बीजेपी को पटखनी देने के लिए काफी हैं।

भाजपा सांसदों के बारे में बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'वे हमसे लड़ने के लिए घृणा और क्रोध का उपयोग करते हैं। आप आनंद लेने वाले हैं। हमें आक्रामक होना होगा। आत्मनिरीक्षण और कायाकल्प करने का समय है।‘

राहुल गांधी ने दी सोनिया गांधी को बधाई

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'श्रीमती सोनिया गांधी को कांग्रेस संसदीय दल का नेता चुने जाने पर बधाई। उनके नेतृत्व में कांग्रेस एक मजबूत और प्रभावी विपक्षी पार्टी साबित होगी, जो भारत के संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करेगी।'

बैठक में मौजूद थे सभी 52 लोकसभा सांसद

इस बैठक में पार्टी के सभी 52 लोकसभा सांसद मौजूद थे। इस बैठक में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्यों ने भी हिस्सा लिया। संसद के सेंट्रल हॉल में हुई सीपीपी की बैठक में संसद के आगामी सत्र के लिए रणनीति भी तय की गई। बीते 25 मई को हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बाद यह पहली आधिकारिक बैठक थी, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी शिरकत किया।

बैठक से पहले इस तरह की चर्चा

इससे पहले, पार्टी में बड़ा तबका कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को संसदीय दल के नेता की जिम्मेदारी लेने की मांग कर रहा था। ऐसी चर्चा थी कि अगर वह संसदीय दल के नेता नहीं बनते हैं, तो पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर या मनीष तिवारी को नेता चुना जा सकता है।

इससे पहले हुई थी सीडब्ल्यूसी की बैठक

पिछले हफ्ते कांग्रेस वर्किंग कमिटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक के बाद यह मीटिंग हुई, जिसमें राहुल गांधी ने पार्टी की शर्मनाक हार के बाद इस्तीफे की पेशकश की थी, जिसे कमिटी ने पहले ही ठुकरा दिया है। कांग्रेस कार्यसमिति पहले ही उनके इस्तीफे की पेशकश खारिज कर चुकी है और सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर उन्हें पार्टी के हर स्तर पर ढांचागत बदलाव लाने के लिए अधिकृत किया है।

पार्टी के पास कम से कम 55 सांसद होने जरूरी

कांग्रेस के लिए मुश्किल यह है कि लोकसभा में उसके सिर्फ 52 सांसद हैं। विपक्ष का दर्जा पाने के लिए एक पार्टी के पास कम से कम 55 सांसद होने जरूरी हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के सिर्फ 44 संसद पहुंचे थे। 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बीजेपी के हाथों करारी मात मिली है। इस चुनाव में भाजपा को अपने दम पर 303 सीटें मिलीं, जो उसके इतिहास में सबसे ज्यादा है।

चुनाव में हार के राहुल ने की इस्तीफे की पेशकश

लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस को मिली हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में इस्तीफे की पेशकेश की थी। जिसके बाद कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने राहुल गांधी का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। हालांकि राहुल गांधी कांग्रेस अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने के फैसले पर अड़े हैं। वहीं कांग्रेस नेता उनसे अपना फैसला बदलने की मांग कर रहे हैं। कई प्रदेश अध्यक्षों के इस्तीफे पर भी अब तक कोई फैसला नहीं हो पाया है। 

चुनाव नतीजे आने के बाद यहां-यहां दिखे राहुल

सोमवार को राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के करीबी अहमद पटेल और केसी वेणुगोपाल से मुलाकात की थी। दो दिन बाद ट्विटर पर एक फोटो वायरल हुई थी, जिसमें राहुल एसयूवी चला रहे हैं और उनका डॉगी पिडी कार की पिछली सीट पर बैठा है। 30 मई को राहुल गांधी पीएम मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में भी शामिल हुए थे। अब देखना यह है कि कांग्रेस से नेता विपक्ष किसे चुना जाता है।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र 52 सीटें

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 542 में से महज 52 सीटें ही मिली है। जबकि यूपीए को 96 सीटें मिली हैं। कांग्रेस को विपक्ष में बैठने के लिए अब भी 3 सीटों की आवश्यकता है। जानकारी के मुताबिक विपक्ष के सबसे बड़े नेता के पद के लिए आपके पास लोकसभा में 10% सीटें यानी कम से कम 55 सीटें होना जरूरी हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Leader of Opposition, 54 mps, congress, randeep surjewala
OUTLOOK 01 June, 2019
Advertisement