Advertisement
07 December 2023

तेलंगाना: आज सीएम पद की शपथ लेंगे रेवंत रेड्डी, राहुल-प्रियंका के साथ हैदराबाद पहुंची सोनिया गांधी

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी सांसद राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तेलंगाना के मनोनीत मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए हैदराबाद पहुंचे। यहां मनोनीत मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उनकी अगवानी की।

इससे पहले बुधवार को कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के गुरुवार को हैदराबाद में तेलंगाना के अगले मुख्यमंत्री अनुमूला रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं। कयासों को तब और मजबूती मिली जब सोनिया गांधी ने स्वयं सांसद के बाहर स्पष्ट संकेत दिए। 

Advertisement

सोनिया गांधी से संसद परिसर में जब संवाददाताओं ने सवाल किया कि वह शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगी तो उन्होंने कहा, ‘‘शायद हां।’’ 

बहरहाल, तेलंगाना के भावी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस सांसद दीपेंद्र एस हुड्डा हैदराबाद पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट पर कहा, "तेलंगाना में कांग्रेस की जीत पार्टी की नीतियों की जीत है। यह सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और पार्टी अध्यक्ष खड़गे की जीत है। यह रेवंत रेड्डी के संघर्ष की जीत है। मुझे पूरा विश्वास है कि यह तेलंगाना के इतिहास के अध्याय की एक नई जीत होगी।" 

गौरतलब है कि तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने विधायक दल का नेता चुने जाने के एक दिन बाद बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से भी मुलाकात की।

कांग्रेस नेतृत्व ने रेड्डी को मंगलवार को विधायक दल का नेता बनाने का फैसला ‘सर्वसम्मति से’ लिया। बता दें कि रेड्डी सात दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में बीआरस को पराजित किया। पार्टी को 119 सदस्यीय विधानसभा में 64 सीटें मिलीं तो बीआरएस को 39 सीटों से संतोष करना पड़ा।

बता दें कि रेड्डी तेलंगाना के दूसरे मुख्यमंत्री होंगे। करीब एक दशक पहले तेलंगाना के नए राज्य के रूप में अस्तित्व में आने से लेकर अब तक भारत राष्ट्र समिति के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव मुख्यमंत्री थे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोरसे
TAGS: Telangana assembly elections, congress revant reddy cm, oath taking ceremony, sonia gandhi, rahul gandhi, Priyanka Gandhi Vadra
OUTLOOK 07 December, 2023
Advertisement